सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज में भोजन में कीड़े मिलने की शिकायत को लेकर हुए विवाद में भारतीय जनता पार्टी के नगर मंडल उपाध्यक्ष के साथ मारपीट की गई और उनका मोबाइल फोन तोड़ दिया गया। पीड़ित की तहरीर पर रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने श्रद्धा-सबुरी ढाबा मालिक विनोद जायसवाल समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रॉबर्ट्सगंज के सिविल लाइन रोड, हर्ष नगर वार्ड नंबर 13 निवासी एवं भाजपा नगर मंडल के उपाध्यक्ष सुशील कुमार पांडेय ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह 20 अगस्त की रात करीब 11:45 बजे अपने मित्र अमन मौर्य के साथ श्रद्धा-सबुरी ढाबे पर भोजन करने गए थे। भोजन आने के बाद उन्हें खाने में कुछ कीड़े दिखाई दिए, जिसकी शिकायत उन्होंने ढाबा मालिक विनोद जायसवाल से की। आरोप है कि इस बात को लेकर पहले कहासुनी हुई। भोजन करने के बाद जब वह भुगतान करने पहुंचे तो विवाद फिर बढ़ गया। सुशील पांडेय का आरोप है कि ढाबा मालिक विनोद जायसवाल और उसके चार कर्मचारियों ने उन्हें कैश काउंटर के पास स्थित एक कमरे में ले जाकर लाठी-डंडे से पीटा। इस दौरान उनका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया गया। पीड़ित के अनुसार, मारपीट में उनकी बाईं आंख, हाथ, दोनों पैर, पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं, जिससे उन्हें चलने-फिरने में परेशानी हो रही है। उन्होंने यह भी बताया कि वह मधुमेह के मरीज हैं। पीड़ित ने चोटों और क्षतिग्रस्त मोबाइल की तस्वीरें भी उपलब्ध कराते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

