बहादुरगढ़ के आसौदा मोड़ स्थित शिव ढाबे पर खाना खाने आए युवक से चाकू के बल पर करीब 30 हजार रुपये छीनने के मामले में थाना आसौदा पुलिस ने 24 घंटे के अंदर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 26 हजार रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल चाकू और मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हर्ष निवासी आसौदा टोडरान, किशन निवासी कटारी कापूरवा जिला छतरपुर (मध्य प्रदेश) और सत्यम निवासी अकबरपुर सरिया जिला सीतापुर (उत्तर प्रदेश), हाल आसौदा के रूप में हुई है। खाना खाने के बाद ढाबे के पीछे गया था युवक थाना प्रबंधक आसौदा उपनिरीक्षक जय भगवान ने बताया कि गांव कल्याण निवासी युवक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 20 अगस्त की रात अपने साथियों के साथ राजस्थान जाने के लिए निकला था। आसौदा मोड़ के पास शिव ढाबे पर सभी खाना खाने के लिए रुके थे। खाना खाने के बाद युवक ढाबे के पीछे पेशाब करने गया। आरोप है कि वहां मौजूद तीन युवकों ने उसे पकड़ लिया। आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और चाकू के बल पर उसकी जेब से करीब 30 हजार रुपये निकाल लिए। इसके बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने 24 घंटे में तीनों को दबोचा शिकायत मिलने के बाद थाना आसौदा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 26 हजार रुपये नकद, वारदात में प्रयुक्त चाकू और मोटरसाइकिल बरामद की। आरोपियों से वारदात के संबंध में पूछताछ भी की गई। अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेजा पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। मामले में पुलिस की आगामी जांच जारी है।

