आगरा के थाना ट्रांस यमुना अंतर्गत प्रार्थना हॉस्पीटल में मरीज की मौत पर तीमारदारों ने हंगामा किया। उनका आरोप था कि हॉस्पीटल में गलत इंजेक्शन लगाने से मरीज की मौत हुई है। परिजनों के हंगामे के चलते स्टाफ हॉस्पीटल छोड़कर भाग गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। देर तक हंगामा चलता रहा।
फिरोजाबाद के सिरसागंज निासी कुलदीप कुमार को पैर में फ्रैक्चर होने के चलते 15 अगस्त को गल्ला मंडी के पास प्रार्थना हॉस्पीटल में भर्ती कराया गया था। परिजनों ने बताया कि कुलदीप पिछले 9 दिन से हॉस्पीटल में भर्ती था। डॉक्टर ने बताया कि उसके पैर में दो जगह फ्रैक्चर है। ऑपरेशन के लिए 23 अगस्त की तारीख तय की गई। रात 9 बजे हॉस्पीटल संचालक ने बाहर से किसी डॉक्टर को बुलाया। डॉक्टर के आने से पहले हॉस्पीटल स्टाफ ने कुलदीप को कोई इंजेक्शन लगाया। इससे उसकी तबियत बिगड़ गई। 10 मिनट में ही कुलदीप की मौत हो गई।
मौत की सूचना पर परिजन आक्रोशित हो गई। उन्होंने तोड़फोड़ हंगामा कर दिया । इसको देखकर हॉस्पीटल स्टाफ शव को छोड़कर भाग निकले।

