भारतीय किसान यूनियन (एकता उगराहां) ने 30 अगस्त से मलेरकोटला जिला मुख्यालय पर पक्का मोर्चा लगाने का ऐलान किया है। इसकी तैयारियों को लेकर गांव संगाला के गुरुद्वारा साहिब में जिला अध्यक्ष कुलविंदर सिंह भूदन की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न किसान और मजदूर मुद्दों को लेकर आंदोलन की रणनीति तय की गई। जिला महासचिव केवल सिंह भड़ी ने बताया कि मोर्चे को सफल बनाने के लिए जिले भर में बड़ी बैठकें आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा गांवों में नुक्कड़ सभाएं, जागो मार्च, ढोल मार्च और ब्लॉक स्तरीय मोटरसाइकिल रैलियां निकालकर लोगों को आंदोलन से जोड़ा जाएगा। किसान नेता बोले- मजदूरों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी किसान नेताओं ने कहा कि मोर्चे में बड़ी संख्या में किसानों और मजदूरों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि सरकार पर उनकी मांगें मानने का दबाव बनाया जा सके। यूनियन की प्रमुख मांगों में भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते को रद्द करना, लैंड पूलिंग नीति वापस लेना, किसानों और मजदूरों का कर्ज माफ करना तथा कर्ज कानून बनाना शामिल है। इसके अलावा आत्महत्या प्रभावित परिवारों को नौकरी और मुआवजा देने, किसान हितैषी कृषि नीति लागू करने, पुलिस ज्यादती और झूठे एनकाउंटर बंद करने तथा किसान आंदोलन से जुड़े मामलों को वापस लेने की मांग भी उठाई गई। बैठक में महिलाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। नेताओं ने कहा कि मोर्चे का संदेश गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाया जाएगा।

