तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बुजुर्ग की मौत:जौरासी घाटी में बाइक से उछलकर दूर जा गिरे थे, चालक फरार

तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बुजुर्ग की मौत:जौरासी घाटी में बाइक से उछलकर दूर जा गिरे थे, चालक फरार

ग्वालियर में रिश्तेदारी से घर लौट रहे 55 वर्षीय बाइक सवार के लिए जौरासी घाटी का मोड़ हादसे का कारण बन गया। रविवार सुबह तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में सुब्बन खान गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने उन्हें जयारोग्य अस्पताल (जेएएच) पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। बिलौआ थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजन को सौंप दिया है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। कल्याणी गांव से लौट रहे थे घर पुलिस के अनुसार, भेटपुरासानी निवासी सुब्बन खान (55) पुत्र रजादीन खान दो दिन पहले ग्राम कल्याणी में रिश्तेदारी में गए थे। रविवार सुबह करीब 7 बजे वे बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। जौरासी घाटी स्थित खच्चू बाबा दरगाह के पास पहुंचते ही पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वे बाइक से उछलकर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने पहुंचाया अस्पताल, इलाज के दौरान मौत सड़क पर घायल अवस्था में पड़े सुब्बन खान को देखकर राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उन्हें राहगीरों की मदद से जेएएच पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है। CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस आरोपी चालक की पहचान के लिए पुलिस घटनास्थल के आसपास और उससे पहले व आगे लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। फिलहाल चालक और वाहन के बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी है। बिलौआ थाना प्रभारी ईला टंडन ने बताया, “अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजन को सौंप दिया गया है। मामला दर्ज कर आरोपी वाहन चालक की तलाश की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *