मंडार में हेड कॉन्स्टेबल द्वारा कथित अभद्र व्यवहार के विरोध में व्यापार मंडल की ओर से बुलाए गए बंद के बाद रविवार को पुलिस प्रशासन और श्री व्यापार मंडल मंडार के बीच बातचीत हुई। पुलिस प्रशासन की ओर से नियमानुसार कार्रवाई और मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिए जाने के बाद व्यापारियों ने बंद समाप्त कर बाजार खोलने का निर्णय लिया। हालांकि, व्यापार मंडल ने स्पष्ट किया कि यदि जांच के बाद उचित कार्रवाई नहीं की गई तो जिला स्तर पर आंदोलन और प्रदर्शन किया जाएगा। निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग बातचीत के दौरान व्यापार मंडल ने मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग रखी। पुलिस प्रशासन ने नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए जांच के लिए समय मांगा। प्रशासन के आश्वासन के बाद व्यापारियों ने बाजार खोलने पर सहमति जताई। व्यापार मंडल ने कहा कि मामले में जांच पूरी होने के बाद उचित कार्रवाई की उम्मीद है। जिला स्तरीय बैठक में आगे की रणनीति पर चर्चा इसी क्रम में रविवार को मंडार में सिरोही व्यापार महासंघ, संयुक्त व्यापार महासंघ जिला सिरोही और जिला रीको इंडस्ट्रीज एरिया सिरोही के पदाधिकारियों के साथ जिला स्तरीय बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में मंडार के घटनाक्रम के साथ व्यापारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों और आगामी रणनीति पर चर्चा की गई। व्यापारिक संगठनों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग दोहराई। व्यापारियों के सम्मान से समझौता नहीं बैठक में व्यापारिक संगठनों ने कहा कि व्यापारियों के सम्मान और अधिकारों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। साथ ही, यदि जांच के बाद अपेक्षित कार्रवाई नहीं होती है तो जिला स्तर पर आंदोलन और प्रदर्शन का निर्णय लिया जा सकता है। ये पदाधिकारी और व्यापारी रहे मौजूद जिला स्तरीय बैठक में श्री व्यापार मंडल मंडार के अध्यक्ष अजाराम चौधरी, सह-अध्यक्ष कांतिलाल माली, सिरोही व्यापार महासंघ के अध्यक्ष भरत कुमार माली, जिला रीको इंडस्ट्रीज एरिया सिरोही के मदन मालवीय और सचिव छतर सिंह राठौड़, संयुक्त व्यापार महासंघ जिला सिरोही के प्रशासनिक सचिव भरत डी. छीपा सहित रवि पटेल, परीक्षित सिंह डाबी, हितेश सोनी, दीपक माली, प्रगाराम प्रजापत, डायाराम प्रजापत, सवाराम चौधरी, दिलीप माली, प्रवीण सुराणा, रावताराम प्रजापत, धनाराम चौधरी, राहुल माली, प्रकाश घांची, छोगाराम प्रचाल, मोहन पुरोहित, बलवंत माली, हेमाराम माली, रमेश माली, पूर्व सरपंच परबत सिंह देवड़ा और शेख सैफुद्दीन बोहरा समेत सैकड़ों व्यापारी मौजूद रहे।

