राजगढ़ के खिलचीपुर में वार्ड नंबर-4 के लोगों ने रविवार को नगर पालिका के खिलाफ प्रदर्शन किया। सड़क पर गंदा पानी और कीचड़ जमा होने से लोग परेशान हैं। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने ‘नगर पालिका मुर्दाबाद’ के नारे लगाए। लोगों ने नाली और सड़क की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की। स्थानीय लोगों का कहना है कि वार्ड में पानी निकासी की सही व्यवस्था नहीं है। घरों और आसपास का गंदा पानी सड़क पर जमा हो जाता है। बारिश होने पर यही पानी कीचड़ में बदल जाता है। इससे लोगों का आना-जाना मुश्किल हो जाता है। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी होती है। लोगों का कहना है कि वे वार्ड पार्षद और नगर पालिका को तीन-चार बार आवेदन दे चुके हैं। इसके बाद भी समस्या का स्थायी हल नहीं हुआ। तस्वीरें देखें… गंदगी से निकलकर स्कूल जाते हैं बच्चे निवासी शिप्रा बाई ने बताया कि उनके बच्चों को भी कीचड़ से होकर जाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि कई बार शिकायत करने के बाद भी समस्या दूर नहीं हुई। रामभजन ने बताया कि घर से निकलते ही कीचड़ मिल जाता है। उन्होंने यहां सीसी रोड बनाने की मांग की। महिलाओं को पानी भरने जाते समय कीचड़ में फिसलने का डर रहता है। ग्रामीणों ने बताया कि कीचड़ से कपड़े खराब हो जाते हैं। बच्चों के कपड़े भी गंदे हो जाते हैं। बारिश में परेशानी और बढ़ जाती है। लोग बोले- नाली और सड़क बनाना जरूरी लोगों ने कहा कि सिर्फ सफाई कराने से समस्या खत्म नहीं होगी। नाली और सड़क की सही व्यवस्था जरूरी है। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। CMO बोले- जल्द मुरम डलवाएंगे खिलचीपुर सीएमओ देवनारायण दांगी ने कहा कि उन्हें शिकायत मिली है। उन्होंने बताया कि कल कीचड़ वाली जगह पर मुरम डलवाई जाएगी। सीएमओ ने कहा कि कार्यालय के अधिकारी को वार्ड में भेजा जाएगा। लोगों की समस्या सुनी जाएगी और जल्द समाधान करने की कोशिश की जाएगी।

