कुशीनगर के रामकोला थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में शीशम के पेड़ से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। घटना सिधावे के टोला इनरपुर गांव के बाहर चकरोड किनारे की है। ग्रामीणों ने पेड़ से शव लटका देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने मोबाइल, आधार कार्ड और अन्य सामान कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान परसौना खुर्द गांव निवासी सुनील गौड़ उर्फ सोनू गौड़ के रूप में हुई है। सुनील की शादी रामकोला थाना क्षेत्र के सिधावे के टोला इनरपुर निवासी शिवानी गौड़ से हुई थी। मृतक के पिता प्रेम गौड़ ने बताया कि सुनील पिछले महीने रोजी-रोटी के लिए राजस्थान गया था। वह शनिवार को राजस्थान से लौटकर कप्तानगंज पहुंचा था। इसके बाद गांव का एक युवक उसे लेने के लिए गया था। पिता के अनुसार, सुनील सीधे अपने घर आने के बजाय सिधावे के टोला इनरपुर स्थित अपनी ससुराल चला गया। इसके बाद रविवार सुबह उसका शव गांव के बाहर चकरोड के किनारे शीशम के पेड़ से लटका मिला। सूचना मिलने पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो शव देखकर उनके होश उड़ गए। पत्नी से संबंध ठीक नहीं होने का पिता ने लगाया आरोप प्रेम गौड़ का आरोप है कि सुनील और उसकी पत्नी के बीच पिछले तीन-चार महीने से संबंध ठीक नहीं चल रहे थे। उन्होंने दावा किया कि सुनील पत्नी को घर लाने के लिए दो-तीन बार ससुराल गया था, जहां उसके साथ मारपीट की गई। हालांकि, इन आरोपों से ससुराल पक्ष ने इनकार किया है। मृतक की पत्नी और सास का कहना है कि सुनील रविवार से पहले ससुराल आया ही नहीं था। ऐसे में घटना से पहले वह कहां था और किस परिस्थिति में गांव के बाहर पहुंचा, यह भी जांच का विषय बना हुआ है। शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिलने के बाद मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि सुनील की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाया गया हो सकता है। घटना को लेकर गांव में भी तरह-तरह की चर्चाएं हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों का इंतजार किया जा रहा है। फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य घटना की जानकारी मिलने के बाद हल्का दरोगा बादल यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाकर आवश्यक कार्रवाई की। इसके बाद फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल की जांच करते हुए मोबाइल, आधार कार्ड और अन्य सामान को कब्जे में लिया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मृतक के शनिवार को राजस्थान से लौटने के बाद की गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह कप्तानगंज से ससुराल तक कैसे पहुंचा और रात में किन लोगों के संपर्क में था। पुलिस बोली- प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला रामकोला थाना प्रभारी चंद्रभान सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत का कारण पूरी तरह स्पष्ट होगा। उन्होंने कहा कि यदि परिजनों की ओर से तहरीर दी जाती है तो उसके आधार पर भी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से यह स्पष्ट होने की उम्मीद है कि सुनील की मौत किन परिस्थितियों में हुई। परिवार की ओर से लगाए गए आरोप और ससुराल पक्ष के बयान के बीच पुलिस के लिए घटनाक्रम की पूरी कड़ी जोड़ना महत्वपूर्ण हो गया है।

