तो बच जाता मेरा कुनाल… नाना ने उसके पिता को लेकर किया बड़ा दावा; दोस्त बोले- पढ़ने में होशियार था

तो बच जाता मेरा कुनाल… नाना ने उसके पिता को लेकर किया बड़ा दावा; दोस्त बोले- पढ़ने में होशियार था

Maharashtra Tisgaon Incident: महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर के वालुज इलाके में स्थित खवड़िया पहाड़ी से गिरने के कारण एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत के बाद अब इस मामले में कई सवाल उठ रहे हैं। मृतकों में 19 वर्षीय कुनाल चांदगुडे, उसके पिता मुरलीधर चांदगुडे (48) और मां संगीता चांदगुडे शामिल हैं। हैरान करने वाली बात यह है कि परिवार के बीच कथित दूरी का असर अंतिम संस्कार में भी नजर आया। उधर, घटना के बाद संगीता के पिता यानी कुनाल के नाना बबनराव गाभूड़ ने एक बड़ा खुलासा किया है।

हादसे के बाद परिवार के भीतर का मनमुटाव और दूरियां इस कदर हावी दिखीं कि मौत के बाद भी तीनों का अंतिम संस्कार एक साथ नहीं हो सका। मिली जानकारी के मुताबिक, कुनाल और उसकी मां संगीता का अंतिम संस्कार शहर के मुकुंदवाड़ी श्मशान घाट में किया गया, जबकि मुरलीधर चांदगुडे का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव धनगर पिंपलगांव में किया गया। इस बीच संगीता के पिता और मुरलीधर के ससुर बाबनराव ने घटना को लेकर बड़ा दावा किया है।

ससुर ने कहा- दामाद ने जल्दबाजी की और फिर…

मुरलीधर के ससुर बाबनराव ने कहा, जब कुनाल पहाड़ी की चोटी पर खड़ा था, तब संगीता और पुलिसकर्मी उसे समझाने की कोशिश कर रहे थे। उसी दौरान कुनाल के पिता मुरलीधर ने बेवजह जल्दबाजी कर दी और यही उनके लिए घातक साबित हुई। बाबनराव ने कहा कि अगर मुरलीधर ने उस वक्त धर्य रखा होता तो शायद यह घटना टाली जा सकती थी।

घर में हुआ था विवाद, कुनाल था पिता से नाराज

संगीता के पिता ने बताया कि परिवार में कुछ दिन पहले घरेलू कारणों को लेकर विवाद हुआ था। उनके मुताबिक, मुरलीधर ने कुनाल और संगीता पर गुस्सा करते हुए कथित तौर पर काफी डांट-फटकार की थी। इस घटना को लेकर कुनाल अपने पिता से नाराज था।

बाबनराव ने कहा कि परिवारों में छोटे-बड़े विवाद होते रहते हैं और उन्हें इतना गंभीर नहीं बनाना चाहिए कि कोई व्यक्ति इस तरह का कदम उठा ले। उन्होंने यह भी कहा कि घरेलू विवाद का गुस्सा होने के बावजूद कुनाल को खवड़िया पहाड़ी तक नहीं जाना चाहिए था।

मुरलीधर अक्सर काम के सिलसिले में घर से रहते थे दूर

जानकारी के मुताबिक, मुरलीधर चांदगुडे एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में ड्राइवर के तौर पर काम करते थे। काम के कारण उन्हें कई बार 15 दिन और कभी-कभी करीब एक महीने तक घर से बाहर रहना पड़ता था।

पुलिस अब इस पहलू की भी जांच कर रही है कि माता-पिता के बीच लगातार होने वाले विवाद और पिता के प्रति कुनाल की नाराजगी ने उसे इस कदम के लिए प्रभावित किया था या नहीं। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मुरलीधर और परिवार के अन्य सदस्यों के बीच किसी तरह का गंभीर या लंबे समय से चला आ रहा विवाद था या नहीं।

‘कुनाल के पास पहले से था आईफोन, वह पढ़ने में अच्छा था’

कुनाल के कुछ दोस्तों ने उसके बारे में अहम जानकारी दी है। दोस्तों के मुताबिक, कुनाल के पास पहले से ही आईफोन था और उसे नए फोन की कोई जरूरत नहीं थी। दोस्तों का कहना है कि कुनाल ने कभी नए फोन की ऐसी मांग भी नहीं की थी।

दोस्तों के मुताबिक, कुनाल पढ़ाई में बेहद होनहार था। ऐसे में पुलिस अब उसके व्यवहार, पारिवारिक परिस्थितियों और घटना से पहले की गतिविधियों की भी जानकारी जुटा रही है।

एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत ने उठाए कई सवाल

इस रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना में शुक्रवार दोपहर 1 बजे के करीब कुनाल को नीचे गिरने से बचाने की कोशिश में पिता मुरलीधर भी पहाड़ी से गिर गए थे। इसके बाद मां संगीता ने भी उसी पहाड़ी से छलांग लगा दी। एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर है।

अब परिवार के सदस्यों और कुनाल के दोस्तों के अलग-अलग बयानों के बाद मामले में कई सवाल खड़े हो गए हैं। क्या कुनाल की परेशानी की वजह पारिवारिक विवाद था? क्या पिता-पुत्र के बीच लंबे समय से तनाव था? या घटना के पीछे कोई और वजह थी? फिलहाल पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *