हिसार में पुलिस और सफाई कर्मियों में टकराव:आईटीआई चौक पर कूड़ा उठाने पहुंची टीम पर कचरा फेंका, हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारी

हिसार में पुलिस और सफाई कर्मियों में टकराव:आईटीआई चौक पर कूड़ा उठाने पहुंची टीम पर कचरा फेंका, हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारी

हिसार शहर में पिछले 18 दिनों से सफाई कर्मचारियों की जारी हड़ताल के बीच रविवार तड़के नगर निगम प्रशासन और हड़ताली कर्मचारियों के बीच तीखा टकराव हो गया। सुबह करीब 5 बजे भारी पुलिस बल के साथ प्रशासनिक अमला जेसीबी और डंपर लेकर आईटीआई चौक पर जमा कचरा उठाने पहुंचा। इस दौरान हड़ताल पर अड़े कर्मचारियों ने कार्रवाई का पुरजोर विरोध किया और कूड़ा उठाने से रोकने लगे। स्थिति को बिगड़ता देख पुलिस ने मोर्चा संभाला और प्रदर्शनकारी कर्मचारियों को हिरासत में लेना शुरू कर दिया। इस बीच महिला सफाईकर्मियों और महिला पुलिसकर्मियों के बीच तीखी झड़प देखने को मिली। आक्रोशित महिला कर्मचारियों ने पुलिसकर्मियों पर कचरा फेंकना शुरू कर दिया। महिला पुलिसकर्मियों ने तुरंत स्थिति को नियंत्रित करते हुए प्रदर्शनकारी महिलाओं को काबू में लिया और रोडवेज की बसों में भरकर पुलिस लाइन भेज दिया। 3600 टन कचरे से बदहाल हुआ शहर
लगातार 18 दिनों से जारी हड़ताल के कारण हिसार शहर पूरी तरह डंपिंग यार्ड में तब्दील हो चुका है। शहर के मुख्य मार्गों और कॉलोनियों में 3600 टन से ज्यादा कचरा जमा हो गया है, जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा मंडरा रहा है। मुख्य रास्तों पर फैले इस अंबार की वजह से जगह-जगह यातायात भी बुरी तरह प्रभावित हो रहा था। सफाई कर्मचारियों पर सख्ती शुरू, प्रधान सहित कईयों पर एफआईआर… 16 लोगों को नामजद किया : शहर में बिगड़े हालात और शुक्रवार शाम आईटीआई चौक पर हुई हाथापाई के मामले में नगर निगम प्रशासन की शिकायत पर पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। एमई अमित बेरवाल की शिकायत और सफाई निरीक्षकों की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने बीएनएस (BNS), 2023 की धारा 121(1), 132, 189(2), 190, 191(2), 221, 270 और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया है। जांच सब-इंस्पेक्टर विकास कुमार को सौंपी गई है। 16 नामजद सहित 100 अन्य पर कार्रवाई
एफआईआर में नगरपालिका कर्मचारी संघ इकाई हिसार के प्रधान सुरेंद्र गोलू और जिला प्रधान संत्री सहित 16 कर्मचारियों को नामजद किया गया है। इसके अलावा लगभग 100 अन्य अज्ञात कर्मचारियों को भी इसमें शामिल किया गया है। इसमें सुरेंद्र, सनी, मनदीप, सोहन लाल, पवन, नीरज, संदीप, मंजीत, सुनील, सोमबीर, विजेंद्र, सुखदेव, सुनील, राजेंद्र, फौजी और सेवा पत्नी मांगीराम के नाम शामिल हैं। सीसीटीवी व वीडियो से हुई पहचान
निगम के सफाई निरीक्षकों ने घटना के समय की गई फोटोग्राफी और वीडियो फुटेज के आधार पर उपद्रव करने वाले कर्मचारियों की पहचान की। शिकायत के अनुसार, शुक्रवार शाम जब निगम और पुलिस की संयुक्त टीम कूड़ा उठाने पहुंची, तो हड़ताली कर्मचारियों ने सरकारी कार्य में बाधा डाली, जेसीबी पर चढ़कर चालक को नीचे धकेला और अधिकारियों व कर्मचारियों को धमकियां दीं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *