बिजली बिल जमा किया, फिर भी बैंक खाता होल्ड:बिजली कंपनी का दावा- राशि जमा नहीं हुई; खिरकिया SDM ने खाता खोलने के निर्देश दिए

बिजली बिल जमा किया, फिर भी बैंक खाता होल्ड:बिजली कंपनी का दावा- राशि जमा नहीं हुई; खिरकिया SDM ने खाता खोलने के निर्देश दिए

हरदा जिले में बिजली कंपनी की कथित मनमानी का एक मामला सामने आया है। यहां एक बुजुर्ग किसान का बैंक खाता बिजली बिल जमा करने के बावजूद होल्ड कर दिया गया है। किसान की बेटी का कहना है कि उनके पिता को इलाज के लिए पैसों की जरूरत है, लेकिन खाता होल्ड होने से परेशानी हो रही है। वहीं, बिजली कंपनी का दावा है कि किसान ने बिल की राशि जमा नहीं कराई है। खिरकिया तहसील के सारंगपुर निवासी कैलाश पिता मांगीलाल विश्नोई ने आरोप लगाया है कि उन्होंने 6 मई 2023 को 41,000 रुपए का बिजली बिल जमा कर दिया था। उनके पास इसकी रसीद भी मौजूद है। हालांकि, बिजली कंपनी ने एनजीबी प्रणाली के तहत उनका बिल 63,688 रुपए बताते हुए उनके बैंक खाते को होल्ड कर दिया है। बेटी बोली- इलाज कराने में दिक्कत हो रही
किसान की बेटी ने बताया कि उनके पिता को इलाज के लिए रुपयों की आवश्यकता है। बिजली कंपनी की इस कार्रवाई के कारण उन्हें राशि निकालने में दिक्कत हो रही है। उन्होंने इस संबंध में एसडीएम खिरकिया से शिकायत की थी। एसडीएम ने शिकायत पर संज्ञान लेते हुए किसान के खाते को पुनः खोलने के निर्देश दिए हैं। किसान अपनी बेटी के साथ शनिवार को कलेक्टर के पास भी शिकायत लेकर पहुंचा था। बिजली कंपनी का दावा- बिल जमा नहीं
दूसरी ओर, बिजली कंपनी के उप महाप्रबंधक संजय यादव ने बताया कि संबंधित किसान ने मोटर पंप के बिल की राशि जमा नहीं कराई थी। उन्होंने कहा कि जब टीम किसान के घर पहुंची थी, तो उन्हें रसीद कटवाकर बैंक से राशि निकाल कर जमा करने को कहा गया था। बाद में बैंक से राशि नहीं निकलने की बात सामने आई और संबंधित जेई ने जानकारी दी कि राशि जमा नहीं कराई गई है। यादव ने यह भी बताया कि संबंधित जेई और किसान को तीन साल पुराने विवाद को खत्म करने के लिए कहा गया है। कंपनी ने कहा है कि 41,000 रुपए की राशि को छोड़कर शेष राशि जमा कराने पर किसान का खाता होल्ड से हटा दिया जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *