मेरठ के दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे-58 पर शनिवार रात एक सड़क हादसे में छह श्रद्धालु घायल हो गए। सिवाया टोल के पास श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह हादसा दौराला थाना क्षेत्र में हुआ। मोदीनगर के करीब 20 से 25 श्रद्धालु शनिवार को ट्रैक्टर-ट्रॉली से नंगली तीर्थ दर्शन करने गए थे। दर्शन के बाद सभी लोग अपने घर मोदीनगर लौट रहे थे, तभी सिवाया टोल के पास उनकी ट्रॉली को ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रॉली में सवार श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में परविंदर, मोंटी, वीरेंद्र, सुरेश, सचिन और बलबीर घायल हुए हैं। आसपास के राहगीरों ने तुरंत घायलों की मदद की और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस पहुंचने पर सभी घायलों को मोदीपुरम के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही दौराला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने अस्पताल जाकर घायलों का हालचाल लिया और उनके परिजनों को सूचित किया। मोदीनगर से परिजन अस्पताल पहुंच गए हैं। पुलिस हादसे के कारणों और टक्कर मारने वाले ट्रक की तलाश कर रही है।

