एसएससी हवलदार PET/PST 24 से 31 अगस्त तक:इस भर्ती परीक्षा में 8071 अभ्यर्थी होंगे शामिल

एसएससी हवलदार PET/PST 24 से 31 अगस्त तक:इस भर्ती परीक्षा में 8071 अभ्यर्थी होंगे शामिल

कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की एमटीएस (नॉन-टेक्निकल) एवं हवलदार परीक्षा 2025 के तहत हवलदार पद के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) और शारीरिक मानक परीक्षा (PST) 24 से 31 अगस्त 2026 तक आयोजित की जाएगी। इस प्रक्रिया में देशभर से 8,071 अभ्यर्थी शामिल होंगे। केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड (CBIC) ने आयोग को इस संबंध में जानकारी दी है। PET/PST CBIC के विभिन्न केंद्रों पर होगी। आयोग ने बताया कि हवलदार पद के लिए प्रवेश पत्र संबंधित SSC क्षेत्रीय कार्यालयों की वेबसाइट पर जारी कर दिए गए हैं, जिन्हें अभ्यर्थी डाउनलोड कर सकते हैं। हवलदार पद के लिए PET/PST में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBE) के सेशन-II के नॉर्मलाइज्ड स्कोर के आधार पर शॉर्टलिस्ट किया गया है। आयोग ने विज्ञापन में निर्धारित प्रावधानों के अनुसार उपलब्ध रिक्तियों के सापेक्ष 1:7 के अनुपात में अभ्यर्थियों का चयन किया है। यह शॉर्टलिस्टिंग अभ्यर्थियों द्वारा ऑनलाइन आवेदन में दी गई पोस्ट-कम-CCA प्राथमिकताओं पर आधारित है। SSC की इस भर्ती के माध्यम से कुल 1,153 रिक्त पदों पर अंतिम चयन किया जाना है। हवलदार पद की PET/PST प्रक्रिया पूरी होने के बाद एमटीएस और हवलदार दोनों पदों के लिए पहला अनंतिम पद आवंटन परिणाम (First Round of Tentative Allocation) एक साथ जारी किया जाएगा। एमटीएस एवं हवलदार परीक्षा 2025 के लिए SSC ने 26 जून 2025 को विज्ञापन जारी किया था। इस परीक्षा के लिए 36,19,834 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। कंप्यूटर आधारित परीक्षा देशभर में 4 से 20 फरवरी 2026 के बीच आयोजित की गई थी, जिसमें 8,04,633 अभ्यर्थी उपस्थित हुए थे। कई पालियों में परीक्षा होने के कारण आयोग ने निर्धारित नॉर्मलाइजेशन फार्मूले के तहत अभ्यर्थियों के अंकों का सामान्यीकरण किया था। PET/PST में सफल होना जरूरी हवलदार पद के लिए शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों के लिए PET/PST महत्वपूर्ण चरण है। इसमें निर्धारित शारीरिक दक्षता और शारीरिक मानकों को पूरा करना होगा। PET/PST में असफल होने पर अभ्यर्थी हवलदार पद की अंतिम चयन प्रक्रिया से बाहर हो जाएंगे। हालांकि, यदि संबंधित अभ्यर्थी MTS पद के लिए निर्धारित कटऑफ मानकों को पूरा करते हैं तो MTS पद के लिए उनकी उम्मीदवारी बनी रह सकती है। परीक्षा प्रक्रिया के दौरान आयोग ने कदाचार के मामलों में भी कार्रवाई की है। पोस्ट-एग्जामिनेशन विश्लेषण के बाद अनुचित साधनों या कदाचार में शामिल पाए गए 727 अभ्यर्थियों के परिणाम प्रोसेस नहीं किए गए, जबकि विभिन्न कारणों से 169 अभ्यर्थियों को परीक्षा से डिबार किया गया है। संदिग्ध गतिविधियों के चलते दो अभ्यर्थियों के परिणाम भी रोके गए हैं। PET/PST के बाद भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण और अंतिम चयन की कार्रवाई की जाएगी। आयोग ने बताया कि अंतिम उत्तर कुंजी और अभ्यर्थियों के अंक अंतिम परिणाम घोषित होने के बाद वेबसाइट पर उपलब्ध कराए जाएंगे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *