हाथरस में अलीगढ़-एटा हाईवे पर एक सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। यह घटना सिकंद्राराऊ कोतवाली क्षेत्र के गांव टोली के पास शनिवार की मध्य रात्रि को हुई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय अमित शर्मा के रूप में हुई है, जो एटा के श्याम नगर गांधी मार्ग का निवासी था। जानकारी के अनुसार, अमित फरीदाबाद में एक निजी कंपनी में कार्यरत था और बीती रात अपनी बाइक से फरीदाबाद से एटा स्थित अपने घर लौट रहा था। अलीगढ़-एटा हाईवे पर गांव टोली के निकट किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अमित की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर सिकंद्राराऊ कोतवाली पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिजनों को सूचित किया गया, जिन्होंने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान की। अमित अपने पीछे दो बच्चे छोड़ गया है।

