आगरा में ऑटो में छूटा महिला का गहने और नकदी से भरा बैग पुलिस ने CCTV की मदद से बरामद कर लिया। बैग में 40 हजार रुपये नकद, दो सोने की अंगूठियां, मंगलसूत्र, मोबाइल और कपड़े रखे थे। पुलिस ने ऑटो चालक को बुलाकर पूछताछ की तो उसने बैग घर पर सुरक्षित रखने की बात बताई। इसके बाद चालक की पत्नी बैग लेकर थाने पहुंची और पूरा सामान महिला के परिजनों को सौंप दिया गया। अस्पताल से रामबाग जाते समय ऑटो में छूटा बैग प्रियंका 20 अगस्त को शांतिकेद हॉस्पिटल से रामबाग जाने के लिए ऑटो में बैठी थीं। घर पहुंचने के बाद उन्हें बैग गायब होने का पता चला। उनके पति मनोज कुमार ने एत्माद्दौला थाने में सूचना दी। पुलिस ने तत्काल इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। फुटेज के आधार पर ऑटो UP80-CT-8809 की पहचान हुई। पुलिस ने ऑटो चालक संजय पुत्र किशनलाल, निवासी बेलनगंज, आगरा को थाने बुलाया। चालक ने घर पर सुरक्षित रखा था बैग पूछताछ में संजय ने बताया कि महिला का बैग उसके ऑटो में छूट गया था। उसने बैग को अपने घर पर सुरक्षित रख दिया था। इसके बाद उसने पत्नी को फोन कर बैग थाने लाने को कहा। थाने में बैग खोला गया तो उसमें 40 हजार रुपये नकद, दो सोने की अंगूठियां, मंगलसूत्र, मोबाइल फोन और कपड़े मिले। मनोज कुमार ने सभी सामान की पहचान कर ली। उन्होंने बताया कि जल्दबाजी में पुलिस को सूचना देते समय बैग में 20 हजार रुपये होने की जानकारी दी गई थी, जबकि उसमें वास्तव में 40 हजार रुपये थे। सामान सुरक्षित वापस मिलने पर महिला के परिजनों ने एत्माद्दौला पुलिस की तत्परता की सराहना की और आगरा पुलिस का आभार जताया।

