हाथरस के मुरसान स्थित जीएसएएस बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आज दोपहर 12 बजे के लगभग स्वास्थ्य विभाग द्वारा एक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने विद्यालय का दौरा किया। उन्होंने छात्राओं से संवाद कर उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। इस शिविर में छात्राओं की आंखों और रक्त की जांच की गई। जिलाधिकारी ने छात्राओं के स्वास्थ्य कार्ड बनाने और समय-समय पर होने वाली स्वास्थ्य जांच का विवरण इनमें दर्ज करने के निर्देश दिए। डीएम ने उप जिलाधिकारी सदर द्वारा जनसहयोग से कराए गए कार्यों, जिनमें कमरों की छतों की मरम्मत और फर्नीचर की उपलब्धता शामिल है, का भी निरीक्षण किया। विद्यालय में तैयार किए गए प्रोजेक्टर युक्त एक्टिविटी रूम का छात्राओं ने फीता काटकर शुभारंभ किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने बताया कि स्वास्थ्य शिविर का मुख्य उद्देश्य बच्चों और किशोरियों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। इसका लक्ष्य शरीर में पोषण की कमी को समय रहते पहचान कर उसका समाधान करना भी है। उन्होंने जोर दिया कि हमारा शरीर हमारा सबसे अच्छा साथी है, जो हर परिस्थिति में साथ देता है, इसलिए हमें अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना चाहिए। छात्राओं से बातचीत करते हुए जिलाधिकारी ने स्वस्थ शरीर के लिए संतुलित और पौष्टिक आहार की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने भोजन में हरी पत्तेदार सब्जियां, दालें, चना, सलाद और अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थों को नियमित रूप से शामिल करने की सलाह दी। डीएम ने मैदा से बने खाद्य पदार्थों का सेवन कम करने और पौष्टिक व प्राकृतिक खाद्य पदार्थों को प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने एनीमिया के लक्षणों को नजरअंदाज न करने और समय पर स्वास्थ्य जांच कराने की भी सलाह दी। इस मौके पर उप जिलाधिकारी सदर, स्कूल की प्रधानाचार्या, अध्यापक/अध्यापिकाएं और छात्राएं उपस्थित रहीं।

