महेंद्रगढ़ पुलिस ने भैंस चोरी के एक मामले में कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी की गई भैंस, कटड़ी और वारदात में प्रयुक्त पिकअप गाड़ी भी बरामद कर ली है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक फैजल खान ने बताया कि 20 अगस्त की रात करीब 8 बजे थाना सदर महेंद्रगढ़ पुलिस को जेरपुर पाली निवासी शिव कुमार ने शिकायत दी थी। शिव कुमार के अनुसार, 20 अगस्त की सुबह लगभग 3 बजे उसकी भैंस और कटड़ी चोरी हो गई थी। काफी तलाश के बाद भी उनका कोई पता नहीं चला, जिसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। एक आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज हैं छह केस गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सोनू निवासी पाली, भीम सिंह निवासी पाली और रिजवान निवासी घोड़ली, जिला मेरठ, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। सीआईए महेंद्रगढ़ टीम ने तीनों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए थाना सदर महेंद्रगढ़ को सौंप दिया है। आरोपी सोनू के खिलाफ पहले भी छह मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें चोरी, लूट और मारपीट से संबंधित मामले शामिल हैं। पुलिस उसके पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी गहनता से जांच कर रही है। जिला पुलिस महेंद्रगढ़ ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति के साथ चोरी या संपत्ति संबंधी कोई वारदात होती है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। समय पर सूचना मिलने से पुलिस को आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी करने तथा चोरी की गई संपत्ति को बरामद करने में मदद मिलती है।

