सीतापुर के महमूदाबाद में पति-पत्नी और एक युवक के बीच रिश्ते का विवाद पुलिस तक पहुंच गया। शुक्रवार देर शाम पति शुभम वर्मा, उसकी पत्नी अंजू और नितिन विश्वकर्मा नामक युवक कोतवाली पहुंचे। यहां काफी देर तक तीनों के बीच बातचीत और समझौते की कोशिश चलती रही, लेकिन कोई सहमति नहीं बन सकी। बताया जा रहा है कि अंजू अपने पति शुभम के साथ-साथ नितिन के साथ भी रहने की बात पर अड़ी हुई है। वहीं, शुभम भी पत्नी और नितिन दोनों के साथ रहने के लिए तैयार बताया जा रहा है। दंपती के दो बच्चे हैं और उन्हें भी अपने साथ रखने की बात कही जा रही है। पति ने कहा- दोनों का साथ नहीं छोड़ूंगा शुभम का कहना है कि वह अपनी पत्नी और नितिन दोनों का साथ नहीं छोड़ेगा। इसके लिए उसे अपना घर छोड़ना पड़े, तब भी वह तैयार है। अंजू भी दोनों से अलग होने को तैयार नहीं है। बताया गया कि नितिन पहले से ही शुभम के घर आता-जाता था और कई बार वहां रुक भी चुका है। शुभम उसे अपना भाई बताता रहा है। परिवार ने जताया विरोध, विवाद पहुंचा थाने परिवार के अन्य सदस्य तीनों के एक साथ रहने के पक्ष में नहीं हैं। परिजनों के विरोध के बाद विवाद बढ़ा और मामला महमूदाबाद कोतवाली पहुंच गया। यहां पुलिस ने तीनों पक्षों से बातचीत कर विवाद शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस ने समझाने की कोशिश की, नहीं बनी सहमति महमूदाबाद कोतवाल भानु प्रताप सिंह ने पति-पत्नी और युवक को समझाकर मामला सुलझाने की कोशिश की। पुलिस ने आपसी सहमति से विवाद खत्म कराने का प्रयास किया, लेकिन फिलहाल तीनों के बीच किसी नतीजे पर सहमति नहीं बन सकी। मामले को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

