आगरा में सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने वार्ड 18 में निर्माणाधीन सड़क की गुणवत्ता ठीक न मिलने पर ठेकेदार पर जुर्माना लगाने और भुगतान रोकने का आदेश दिया है।
वे क्षेत्रीय पार्षद रेखा भास्कर की शिकायत पर निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण करने पहुंचे थे। उन्होंने कहा-घटिया सड़क निर्माण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मानकों के विपरीत निर्माण मिलने पर संबंधित ठेकेदार पर पेनाल्टी लगाने, भुगतान रोकने और सड़क का दोबारा निर्माण कराने की कार्रवाई की जाएगी। शिकायत पर निरीक्षण करने पहुंचे
नगर आयुक्त गुरुवार को लोहामंडी जोनल कार्यालय के निरीक्षण पर पहुंचे थे। इसी दौरान वार्ड 18 की पार्षद रेखा भास्कर ने भीमनगर क्षेत्र में हाल ही में बनी सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए शिकायत की। नगर आयुक्त ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पार्षद के साथ मौके पर पहुंचकर सड़क का निरीक्षण किया। सड़क निर्माण में कई कमियां मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तकनीकी जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जांच में निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिलने पर ठेकेदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही सड़क को मानकों के अनुरूप दोबारा बनवाने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने अधिकारियों से निर्माणाधीन और हाल में पूर्ण हुए कार्यों की गुणवत्ता की नियमित निगरानी करने को भी कहा। जोनल कार्यालय के पीछे गंदगी देख भड़के
निरीक्षण के दौरान लोहामंडी जोनल कार्यालय के पिछले हिस्से में गंदगी और अव्यवस्था मिलने पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने सफाई व्यवस्था में लापरवाही पर जेडएसओ मनोज पाल और संबंधित एसएफआई से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए। सफाई कर्मियों के निर्धारित समय पर नहीं पहुंचने की जानकारी मिलने पर संबंधित कर्मचारियों को अंतिम चेतावनी जारी करने को कहा। नगर आयुक्त ने कार्यालय में जन्म-मृत्यु पंजीकरण से संबंधित रजिस्टर भी देखे। उन्होंने कर्मचारियों से लंबित प्रकरणों की जानकारी ली। बड़ी संख्या में फार्म लंबित मिलने पर इसकी वजह पूछी गई, लेकिन जेडओ स्पष्ट जवाब नहीं दे सके। इस पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए कार्यप्रणाली में सुधार के निर्देश दिए।
जेडएसओ मुख्यालय से अटैच
टैक्स विभाग के निरीक्षण में भी बड़ी संख्या में मामले लंबित मिले। इनके निस्तारण की स्थिति संतोषजनक नहीं मिलने पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने लोहामंडी जोन के जेडओ सीपी सिंह को मुख्यालय से संबद्ध करने के आदेश दिए।
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन्म-मृत्यु पंजीकरण और टैक्स से जुड़े लंबित मामलों की हर सप्ताह समीक्षा की जाए। प्रगति रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को उपलब्ध कराने के साथ लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों से जुड़े कार्यों में अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। इसके बाद नगर आयुक्त ने अधिकारियों के साथ जनकपुरी क्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और क्षेत्र में व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार, सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

