बागपत में महिला ने मारपीट, छेड़छाड़ का आरोप लगाया:एसपी से शिकायत कर FIR और परिवार की सुरक्षा की मांग की

बागपत में महिला ने मारपीट, छेड़छाड़ का आरोप लगाया:एसपी से शिकायत कर FIR और परिवार की सुरक्षा की मांग की

बागपत में एक महिला ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर मारपीट, छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी के आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है। पीड़िता जो मोहल्ला मुगलपुरा, नई बस्ती, बागपत की निवासी हैं, के अनुसार यह घटना 13 अगस्त 2026 को दोपहर करीब एक बजे हुई। उनका भतीजा ज्वेल बाजार से लौट रहा था, तभी एक्सचेंज वाली गली के पास कुछ लोगों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि आरोपियों ने भतीजे के साथ मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। शिकायत में महिला ने बताया कि इसके बाद आरोपी भतीजे को पीटते और घसीटते हुए जबरन उनके घर में घुस आए। घर के अंदर तीन लोगों ने उनके साथ छेड़छाड़ की। शोर सुनकर मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। पीड़िता ने यह भी बताया कि घटना से संबंधित साक्ष्य आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में मिल सकते हैं। पीड़िता के मुताबिक, घटना के बाद भतीजे का मेडिकल कराया गया था। 13 अगस्त को ही थाना बागपत में लिखित शिकायत भी दी गई थी, लेकिन आरोप है कि अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी दी और नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की। संजीदा ने अपने परिवार की सुरक्षा की भी गुहार लगाई है। इस संबंध में पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जाएगी और तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार चहल ने पुष्टि की कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *