प्रयागराज में पिछले तीन दिनों से जारी भारी बारिश के कारण यमुनानगर जोन में बेलन नदी उफान पर है। कोरांव तहसील क्षेत्र में नदी के जलस्तर में वृद्धि से कई स्थानों पर कटान हुआ है और कई गांवों का सड़क संपर्क प्रभावित हुआ है। सिरसा-कोरांव स्टेट हाईवे पर बेलन नदी पर बना पुल बाढ़ के पानी से क्षतिग्रस्त हो गया है, जिसके बाद लोक निर्माण विभाग ने इस पर आवागमन पूरी तरह से बंद कर दिया है। पुल के क्षतिग्रस्त होने से कोरांव का देवघाट से संपर्क टूट गया है। यह मार्ग उत्तर प्रदेश को मध्य प्रदेश से जोड़ता है, जिससे दोनों राज्यों के बीच इस मार्ग से होने वाला यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए पुल के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर दी गई है, जिससे यात्रियों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करना पड़ रहा है। देखें तस्वीरें…. लोक निर्माण विभाग के जूनियर इंजीनियर राजीव चौबे ने बताया कि डैम से अधिक मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण बेलन नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया था। पानी के तेज बहाव के कारण पुल के ज्वाइंट में गैप आ गया, जिससे उसकी संरचना प्रभावित हुई। सुरक्षा कारणों से पुल को यातायात के लिए बंद करने का निर्णय लिया गया। राजीव चौबे के अनुसार, वर्ष 1994 के बाद यह पहली बार है जब बेलन नदी में इतना अधिक पानी आया है, जिससे पुल की संरचना प्रभावित हुई है। लोक निर्माण विभाग ने सेतु निगम की एक टीम को मौके पर बुलाया है। इंजीनियरों के निरीक्षण के बाद पुल की स्थिति का आकलन किया जाएगा और आवश्यक मरम्मत कार्य शुरू किया जाएगा। यातायात बहाल करने का निर्णय मरम्मत के बाद ही लिया जाएगा। पुल के क्षतिग्रस्त होने के बाद, देवघाट में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता द्वारा आवागमन बंद किए जाने संबंधी बोर्ड भी लगा दिया गया है। ग्रामीण महादेव ने बताया कि सिरसा-कोरांव स्टेट हाईवे क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण मार्ग है। पुल बंद होने से बड़ी आबादी का देवघाट और मध्य प्रदेश से संपर्क कट गया है। ग्रामीणों ने पुल की जल्द जांच और मरम्मत कराकर आवागमन बहाल किए जाने की मांग की है।

