पानीपत में पुराना औद्योगिक थाना क्षेत्र की एक युवती से शादी का झांसा देकर बार-बार रेप किया गया। इतना ही नहीं, गर्भवती होने पर मारपीट करते हुए उसे जबरन गर्भपात की दवा भी खिला दी। आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया। पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। शादी का झांसा देकर बनाया शारीरिक संबंध, 3 माह की हुई गर्भवती पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ने बताया कि वह पानीपत क्षेत्र की रहने वाली है। उसकी पहचान उत्तर प्रदेश के जिला शामली (गांव मिजना) निवासी समीर के साथ हुई थी, जो वर्तमान में अर्जुन नगर काबड़ी रोड, पानीपत में रह रहा था। आरोपी समीर पिछले करीब 5 महीनों से पीड़िता को शादी का झांसा देकर अपने साथ रख रहा था। शादी का वादा करके आरोपी ने पीड़िता के साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाए, जिससे पीड़िता 3 महीने की गर्भवती हो गई। गर्भपात की दवा खिलाकर पीड़िता से मारपीट, आरोपी फरार पीड़िता का आरोप है कि 11 अगस्त को आरोपी समीर ने शादी करने से साफ इंकार कर दिया और उसके साथ जमकर मारपीट की। इसके बाद आरोपी ने जबरन उसे गर्भपात कराने की दवा खिला दी और घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया। पीड़िता ने पहले आरोपी के वापस आने और शादी करने की उम्मीद में इंतजार किया, लेकिन जब कोई रास्ता नहीं बचा तो उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

