छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में पत्नी के घर छोड़कर मायके जाने से नाराज पति ने पड़ोसियों पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। एक युवक खोलबहरा सोरी (38) की मौके पर मौत हो गई, वहीं दूसरा युवक नरेंद्र सोरी (25) गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी ने अपने आप को घर में बंद कर लिया। पुलिस को उसे पकड़ने के लिए करीब 7 घंटे तक ऑपरेशन चलाना पड़ा। इस दौरान उसने पुलिस पर गुलेल से हमला भी किया। इसके बाद मिर्ची पाउडर के धुएं का इस्तेमाल किया गया। आखिरकार आरोपी घर से बाहर निकला और पुलिसवालों को दौड़ाने लगा। करीब 200 मीटर की दूरी पर आरोपी हीरालाल नागेश (32) को पकड़ा गया। घटना शोभा थाना क्षेत्र के पेंड्रा गांव की है। पहले देखिए ये तस्वीरें- पत्नी को पड़ोसियों ने भड़काया, इसी शक में किया हमला पुलिस के मुताबिक, हीरालाल नागेश राजमिस्त्री का काम करता है और शराब का आदी है। कुछ समय तक उसने दवा लेकर शराब पीना छोड़ दिया था, लेकिन मानसिक तनाव के बीच दोबारा शराब पीने लगा था। आए दिन पत्नी जागेश्वरी से उसका विवाद होता था। सोमवार रात भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ। मंगलवार सुबह पत्नी उसके उठने से पहले घर छोड़कर मायके चली गई। जागने के बाद हीरा पत्नी को तलाशने लगा। उसे शक था कि पड़ोसियों ने उसकी पत्नी को घर छोड़ने के लिए उकसाया है। इसी बात को लेकर पहले नरेंद्र से विवाद हुआ और फिर उसने खोलबहरा पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। खोलबहरा की मौके पर ही मौत हो गई। घर में खुद को बंद करके पुलिस पर गुलेल से हमला हत्या की सूचना मिलते ही शोभा पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी खुद को घर में बंद कर चुका था। पुलिस ने उसे बाहर निकालने की कोशिश की तो उसने गुलेल से जवानों पर हमला कर दिया। हमले में कुछ पुलिसकर्मियों के घायल होने की जानकारी है। स्थिति बिगड़ने पर मैनपुर पुलिस और एसडीओपी के नेतृत्व में 2 थानों के 50 से ज्यादा जवान मौके पर पहुंचे और घर की घेराबंदी की। छोड़ा मिर्ची का धुआं, बाहर निकलते ही जवानों पर दौड़ा आरोपी को घर से बाहर निकालने के लिए पुलिस ने छत के रास्ते से मिर्ची का धुआं छोड़ा। धुआं फैलने के बाद आरोपी घर से बाहर निकला और करीब 200 मीटर तक जवानों पर हमला करने के लिए दौड़ता रहा। पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद उसे काबू में लिया। करीब 7 घंटे की कार्रवाई के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। दहशत में स्कूल-आंगनबाड़ी तक नहीं खुले हत्या और आरोपी के घर में छिपे होने के बाद गांव में दहशत फैल गई। सड़क पर शव मिलने और आरोपी के तांडव के कारण ग्रामीण घरों में दुबके रहे। हालात का असर गांव की सामान्य दिनचर्या पर भी पड़ा और डर के कारण स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र नहीं खुले। हत्या और हमले का मामला दर्ज शोभा थाना प्रभारी पवन वर्मा ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ हत्या, जानलेवा हमला और अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम के कारणों की जांच कर रही है। …………………. क्राइम से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए… पत्नी और उसके बॉयफ्रेंड को फावड़े से काट डाला:सरगुजा में रिश्तेदार के घर दोनों को आपत्तिजनक हालत में पकड़ा, हत्या के बाद पति फरार छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के बिसरपानी गांव में पति ने पत्नी और उसके प्रेमी की फावड़े से हमला कर हत्या कर दी। पति ने दोनों को आपत्तिजनक हालत में देख लिया था। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लंबे समय से अवैध संबंध था। पत्नि रिश्तेदार के घर अपने प्रेमी से मिलने पहुंची थी। एक कमरे में दोनों ने मिलकर शराब पी।…पढ़िए पूरी खबर

