फिरोजाबाद के नगला खंगर में पुलिस ने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बुधवार को अवैध शराब की बड़ी खेप पकड़ी है। पुलिस ने एक बुलेरो पिकअप का पीछा किया, जो डिवाइडर से टकराने के बाद रुक गई। चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। तलाशी में 131 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब मिली, जिसकी कीमत लगभग 5.03 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि राजस्थान नंबर की एक बुलेरो पिकअप से अवैध शराब ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने वाहन का पीछा करना शुरू कर दिया। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर संख्या 65 के पास, लखनऊ की ओर जाने वाली लेन में पिकअप डिवाइडर से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। इसी दौरान चालक मौके से फरार हो गया। पिकअप की तलाशी लेने पर उसमें रॉयल क्लासिक व्हिस्की के 5856 क्वार्टर और कंट्री क्लब डीलक्स के 432 क्वार्टर बरामद हुए। कुल 6288 क्वार्टर थे। वाहन से एक ड्राइविंग लाइसेंस और आधार कार्ड भी मिला। दस्तावेजों के अनुसार, चालक की पहचान मुकेश सिंह, निवासी लोहा काना खुर्द, विराटनगर, जयपुर (राजस्थान) के रूप में हुई है। वाहन महेंद्र कुमार, निवासी चक छजना, तहसील कंडेला, सीकर (राजस्थान) के नाम पंजीकृत है। इस मामले में थाना नगला खंगर में आबकारी अधिनियम की धारा 60(1), 63 और 72 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है और शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान में भी जुटी है। बरामद दस्तावेजों के आधार पर भी जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार, उपनिरीक्षक राहुल सिंह, उपनिरीक्षक विशाल, कांस्टेबल जितेंद्र, लाल बहादुर शर्मा, शिवम कुमार और विकास शामिल थे।

