बहादुरगढ़ में बदमाशों का तांडव:दो युवकों को डंडों से बेरहमी से पीटा, मकान के गेट में आग लगाई;वीडियो वायरल होने के बाद मचा हड़कंप

बहादुरगढ़ में बदमाशों का तांडव:दो युवकों को डंडों से बेरहमी से पीटा, मकान के गेट में आग लगाई;वीडियो वायरल होने के बाद मचा हड़कंप

बहादुरगढ़ में बीती रात बदमाशों ने शहर में जमकर उत्पात मचाया। अलग-अलग घटनाओं में दो युवकों के साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जबकि मेन बाजार स्थित एक मकान के गेट पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी गई। आग की चपेट में आने से मकान में रहने वाला एक व्यक्ति झुलस गया। तीनों घायलों को उपचार के लिए शहर के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है। मारपीट का वीडियो वायरल, युवक को अर्धनग्न कर पीटने का आरोप घटनाक्रम से जुड़ी वीडियो फुटेज इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रही हैं। बताया जा रहा है कि इनमें से कुछ वीडियो आरोपियों ने खुद बनाए और बाद में वायरल किए। एक वीडियो में कुछ युवक एक युवक को अर्धनग्न अवस्था में डंडों से बेरहमी से पीटते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में युवक के साथ अमानवीय व्यवहार किए जाने के दृश्य भी दिखाई दे रहे हैं। इन वीडियो के सामने आने के बाद घटना को लेकर लोगों में रोष है। होटल के पास से युवक को ले जाने की बात घायलों के परिजनों के अनुसार, कुछ हमलावर बस स्टैंड स्थित एक होटल के पास पहुंचे थे। वहां काम करने वाले युवक से एक अन्य युवक के बारे में पूछताछ की गई। इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई और उसे जबरन अपने साथ कहीं ले गए। परिजनों का आरोप है कि वहां ले जाकर युवक को डंडों से पीटा गया। मामला किसी पुराने विवाद से जुड़ा होने की बात सामने आ रही है, हालांकि विवाद की वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। मेन बाजार में मकान के गेट पर डाला ज्वलनशील पदार्थ इसी दौरान मेन बाजार स्थित एक मकान को भी निशाना बनाया गया। वायरल एक अन्य वीडियो में कुछ युवक मकान के बाहर पहुंचकर गाली-गलौज करते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद दरवाजे की ओर ज्वलनशील पदार्थ फेंककर आग लगा दी गई। आग की चपेट में आने से मकान में रहने वाले व्यक्ति के पांव झुलस गए। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। परिजनों ने मांगा न्याय, पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा दिया घटना के बाद घायलों के परिजनों ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि जिस तरह से युवकों के साथ मारपीट की गई और मकान में आग लगाने का प्रयास हुआ, वह बेहद गंभीर मामला है। वायरल वीडियो की भी जांच कर आरोपियों की पहचान करने की मांग की गई है। डीसीपी मयंक मिश्रा बोले- पुरानी रंजिश में हुआ विवाद, आरोपियों की पहचान हुई बहादुरगढ़ डीसीपी मयंक मिश्रा ने कहा कि मामला पुलिस के संज्ञान में है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद पुरानी रंजिश से जुड़ा हुआ है। वायरल वीडियो फुटेज को भी जांच में शामिल किया गया है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *