आगरा शहर के रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। प्रयागराज-उधना के बीच चलने वाली साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस का ठहराव अब ईदगाह स्टेशन पर होगा। इससे आगरावासी अब आसानी से प्रयागराज जाकर संगम स्नान कर सकेंगे। साथ ही राजस्थान के प्रमुख शहरों से होते हुए गुजरात तक सीधी रेल यात्रा भी कर सकेंगे। व्यापार, रोजगार और शिक्षा के लिए सफर करने वालों को खास राहत मिलेगी। आगरा रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि गाड़ी संख्या 20437 प्रयागराज से 24 अगस्त से प्रत्येक सोमवार को सुबह 5:20 बजे चलेगी। यह ट्रेन दोपहर 12:35 बजे ईदगाह स्टेशन पहुंचेगी। यहां 5 मिनट ठहराव के बाद दोपहर 12:40 बजे उधना के लिए रवाना होगी। ट्रेन अपने रूट में बयाना, हिंडौन सिटी, गंगापुर सिटी, सवाई माधोपुर, कोटा, रामगंज मंडी, भवानी मंडी, रतलाम और वडोदरा होते हुए उधना पहुंचेगी। वापसी में रात 10 बजे रवाना होगी
वापसी में गाड़ी संख्या 20438 उधना से 25 अगस्त से प्रत्येक मंगलवार सुबह 6:45 बजे चलेगी। यह ट्रेन रात 9:55 बजे ईदगाह स्टेशन पहुंचेगी और 5 मिनट रुकने के बाद रात 10 बजे प्रयागराज के लिए रवाना होगी। इससे प्रयागराज से लौटने वाले यात्रियों को रात में आगरा उतरने की सुविधा मिल जाएगी। धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान
इस ट्रेन के शुरू होने से कई धार्मिक और पर्यटन स्थलों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। हिंडौन सिटी में कैलादेवी और नृसिंह जी का मंदिर धार्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र हैं। गंगापुर सिटी में महावीर जैन मंदिर और घड़मोरा ऐतिहासिक आकर्षण हैं। सवाई माधोपुर रणथंभौर राष्ट्रीय उद्यान, रणथंभौर किले और त्रिनेत्र गणेश मंदिर के कारण देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करता है। कोटा में सेवन वंडर्स पार्क, चंबल गार्डन और किशोर सागर प्रमुख स्थल हैं। रामगंज मंडी व भवानी मंडी में धार्मिक पर्यटन की संभावना बढ़ेगी। रतलाम में कालिका माता सहित प्रमुख मंदिर हैं, जबकि वडोदरा में लक्ष्मी विलास पैलेस, ईएमई मंदिर और कीर्ति मंदिर पर्यटन के केंद्र हैं। रेल अधिकारियों का कहना है कि अमृत भारत एक्सप्रेस में आधुनिक सुविधाएं हैं। इससे व्यापारियों, छात्रों और तीर्थयात्रियों सभी को लाभ मिलेगा।

