बुलंदशहर में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के पावन अवसर पर निकाली जा रही ‘कलश वंदन यात्रा’ मंगलवार शाम शिकारपुर क्षेत्र के छतारी में पहुंची। यात्रा के नगर में प्रवेश करते ही स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। कस्बावासियों ने ढोल-नगाड़ों और पूरे गाजे-बाजे के साथ इस भव्य यात्रा का जोरदार स्वागत किया। पुष्पवर्षा और जयकारों से गूंजा क्षेत्र यात्रा के स्वागत के लिए लोग पहले से ही मार्गों पर पलकें बिछाए खड़े थे। नगर के प्रबुद्ध नागरिकों और स्थानीय लोगों ने रास्ते में जगह-जगह खड़े होकर कलश यात्रा पर जमकर पुष्पवर्षा की। श्रद्धालुओं द्वारा लगाए जा रहे ‘संत रविदास जी के जयकारों’ से पूरा क्षेत्र गूंज उठा और कस्बे का माहौल पूरी तरह से भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। सत्य और भाईचारे के मार्ग पर चलने का संकल्प कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित लोगों ने संत रविदास जी के चित्र पर नमन करते हुए उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर श्रद्धालुओं ने गुरु रविदास जी द्वारा बताए गए सत्य, प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता के मार्ग पर चलने का दृढ़ संकल्प लिया। इनकी रही प्रमुख मौजूदगी इस भव्य स्वागत कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष कुलदीप सिंह, भूपेंद्र गौड़, मलखान सिंह, सोनू भारद्वाज, सचिन शर्मा, हरपाल सिंह, विमल कुशवाहा, सभासद मनोज कुमार, सभासद सूरजपाल राघव, गौरव वार्ष्णेय, दुर्गेश अग्रवाल, भानु, राजेंद्र सिंह, दीपक यादव, मोहित सूर्यवंशी, संदीप सूर्यवंशी और कमल सूर्यवंशी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि व श्रद्धालु मौजूद रहे।

