इंदौर के कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय में शुरू हुआ 14D थिएटर मंगलवार से आम लोगों के लिए खोल दिया गया। पहले ही दिन थिएटर के लगभग सभी शो हाउसफुल रहे। परिवार और बच्चों के साथ बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचे और मूविंग सीट्स, विजुअल इफेक्ट्स और अलग-अलग राइडिंग इफेक्ट्स के साथ फिल्म देखने का अनुभव लिया। पहले दिन थिएटर में महिलाओं और बच्चों की संख्या ज्यादा रही। कई माता-पिता खास तौर पर बच्चों को 14D थिएटर का अनुभव कराने पहुंचे। सीटों की मूवमेंट और विजुअल इफेक्ट्स के साथ फिल्म देखने का अनुभव बच्चों को खासा पसंद आया। बच्चे बोले- पहले ऐसा थिएटर नहीं देखा दर्शकों के मुताबिक रोलर कोस्टर जैसी राइड बच्चों के लिए सबसे रोमांचक रही। कुछ बच्चों ने शो के बाद अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्होंने पहले ऐसा थिएटर नहीं देखा। कई बच्चों के लिए सीटों का अचानक ऊपर-नीचे और आगे-पीछे होना रोमांच का मुख्य आकर्षण रहा। अभिभावकों ने कहा- पैसा वसूल अनुभव बच्चों के साथ पहुंचे अभिभावकों ने बताया कि 14D थिएटर सामान्य फिल्म देखने से बिल्कुल अलग अनुभव देता है। मूविंग सीट्स और अलग-अलग इफेक्ट्स के कारण फिल्म के दृश्य ज्यादा रोमांचक महसूस होते हैं। कुछ दर्शकों ने कहा कि अब यह इंदौर में घूमने की पसंदीदा जगहों में शामिल हो गई है। उन्होंने कहा कि शहर में आने वाले रिश्तेदारों को भी 14D थिएटर का अनुभव जरूर कराएंगे। कई लोगों ने इसे ‘पैसा वसूल’ अनुभव बताया। युवाओं में भी दिखा उत्साह थिएटर को लेकर युवाओं में भी खासा उत्साह नजर आया। उन्होंने सीटों की मूवमेंट, विजुअल इफेक्ट्स और राइड को इसकी सबसे खास खूबियां बताया। युवाओं के मुताबिक शहर में मनोरंजन के दूसरे विकल्पों की तुलना में 14D थिएटर का अनुभव अलग है। हालांकि वर्चुअल जंगल सफारी को लेकर दर्शकों की राय मिली-जुली रही। कुछ लोगों को जंगल सफारी का अनुभव अच्छा लगा, जबकि कुछ ने इसे अपेक्षा के मुताबिक प्रभावी नहीं माना। छोटे बच्चों के टिकट की कीमत कम करने का सुझाव एक महिला दर्शक ने छोटे बच्चों के टिकट की कीमत कम करने का सुझाव दिया। उनका कहना था कि छोटे बच्चों के लिए टिकट आधा या कम दर पर होना चाहिए। उन्होंने बताया कि थिएटर में अचानक होने वाली सीटों की मूवमेंट और तेज इफेक्ट्स से कुछ छोटे बच्चे डर सकते हैं। ऐसी स्थिति में माता-पिता को शो बीच में छोड़कर बच्चे को बाहर लाना पड़ सकता है। पहले दिन दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया के बाद 14D थिएटर कमला नेहरू जू में मनोरंजन के नए आकर्षण के रूप में उभरता नजर आया।

