16 सितंबर की रात मैं घर से बाहर कूड़ा डालने के लिए गई थी, घर से चंद कदमों की दूरी पर रहने वाला अखिल कुमार उर्फ पप्पू नशे की हालत में धुत होकर आया और मुझे पीछे से बैडटच किया। मैं एकदम से सहम गई थी, कुछ देर के लिए मुझे समझ नहीं आया, कि मेरे साथ क्या हो गया… मैने विरोध किया तो आरोपी मुझे गाली देते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। मंदिर आने-जाने के दौरान भी वह मुझे घूरता था। रविवार रात करीब 10 बजे वारदात को दिया था अंजाम यह कहना था नवाबगंज थानाक्षेत्र में रहने वाली बैडटच की शिकार पीड़िता का। पीड़िता ने घटनाक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि इलाके में रहने वाला अखिल कुमार उर्फ पप्पू शादीशुदा है, उसके दो बच्चे है। रविवार रात मैं घर का काम निपटा कर रात करीब 10 बजे घर के बाहर कूड़ा फेंकने के लिए गई थी। तभी नशे में धुत अखिल ने बैड टच किया था। अचानक मेरे साथ हुए इस कृत्य से मैं घबरा गई थी। घटना के समय पति घर पर नहीं थे, मैंने मामले की पूरी जानकारी अपने सास–ससुर को दी। सास ससुर ने विरोध किया जिसके बाद उन्होंने डॉयल–112 पर पुलिस को जानकारी दी। पुलिसवालों ने मुझसे कहा कि, अभी यह नशे में है, इसको कल देखेंगे, इसके बाद पुलिस वाले चले गए। पुलिसवालों के जाने के बाद वह अखिल मुझे गाली देने लगा और बोला–कि पुलिस से शिकायत करोगी तो तुम्हे जान से मार डालेंगे। पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी को 2 साल हुए है, उनका डेढ़ साल का बेटा भी है। घर के सामने ही मंदिर है, जहां सुबह पूजा के लिए जाने के दौरान भी आरोपी गंदी नजरों से उसे घूरता था। कई बार इग्नोर करने पर उसके हौसले और बुलंद हो गए, जिसके बाद उसने रविवार रात उन्हें बैड टच किया। पति बोले- अक्सर घर का दरवाजा पीटता था वहीं पीड़िता के पति ने बताया कि लखनऊ की एक प्राइवेट कंपनी में सेल्स ऑफीसर के पद पर कार्यरत है, वर्तमान में उनकी तैनाती कानपुर में है। पीड़िता के पति ने बताया कि शिकायत करने की बात पर पुलिस तो मौके पर आई, लेकिन कोई कार्रवाई नही की गई। पुलिसवालों ने कहा कि सुबह 11:30 बजे कार्रवाई करेंगे। शाम तक इंतजार करने के बाद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की थी। इसके बाद घटना का सीसीटीवी फुटेज वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और मंगलवार को एफआईआर दर्ज की गई। पीड़िता के पति ने बताया कि आरोपी ने 15 साल पहले भी मेरी बहन के साथ बदतमीजी की थी, उस वक्त कक्षा–7 में पढ़ती थी। तब हम लोगों ने पुलिस से शिकायत की थी, जिसपर अखिल के घरवालों ने माफी मांगी थी। कई बार आरोपी ने इस तरह की हरकतें की, लेकिन मेरे पास फुटेज नहीं थे, जिसपर वह बच जाता था। आरोपी अक्सर मेरे घर पर आकर दरवाजे को पीटता था। पीड़िता के पति ने बताया कि आरोपी इलाके में अक्सर शराब के नशे में धुत होकर गाली–गलौज करता है, गली–मोहल्ले से निकलने वाली युवतियों, महिलाओं के साथ छेड़खानी करता है। जिससे पूरा मोहल्ला परेशान रहता है। रविवार को पत्नी से छेड़छाड़ करने के बाद आरोपी के परिजन एक बार फिर माफी मांगने आए थे। मामले में नवाबगंज इंस्पेक्टर राजकेसर ने बताया कि पीड़िता के पति की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लिया गया है।

