‘शट अप सुनीता जी, गोविंदा को अकेले छोड़ दो’, वेटरन जर्नलिस्ट ने लगाई फटकार, बोले- आपने हदें पार कर दीं

‘शट अप सुनीता जी, गोविंदा को अकेले छोड़ दो’, वेटरन जर्नलिस्ट ने लगाई फटकार, बोले- आपने हदें पार कर दीं

Sunita Ahuja-Govinda Controversy: बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा पिछले कई दिनों से लगातार चर्चाओं में बने हुए हैं। गोविंदा के फिल्म रुपा की एक्ट्रेस कोमल रानी के साथ स्पॉट होने पर सुनीता आहूजा के रिएक्शन के बाद अब कई लोग उनके रवैये पर सवाल खड़े कर रहे हैं। जहां एक तरफ गोविंदा के चीटिंग करने की अफवाहें जोरों पर हैं, वहीं दूसरी तरफ सुनीता आहूजा ने गोविंदा को शुगर डैडी तक कह दिया था। अब इस पूरे मामले पर वेटरन जर्नलिस्ट फरीदून शहरयार ने सुनीता को फटकार लगाई है। लंबा-चौड़ा पोस्ट करते हुए उन्होंने क्या कुछ कहा, चलिए जानते हैं।

Sunita Ahuja-Govinda Controversy
सुनीता आहूजा पर बोला हमला

सुनीता आहूजा पर क्यों भड़के फरीदून शहरयार?

फरीदून शहरयार ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर सुनीता आहूजा को सीधे तौर पर संबोधित किया। उन्होंने कहा कि अब बहुत हो चुका है और सुनीता को गोविंदा को अकेला छोड़ देना चाहिए।

पत्रकार ने अपनी पोस्ट में इस बात पर आपत्ति जताई कि सुनीता को जब भी मीडिया के सामने आने का मौका मिलता है, वह गोविंदा को लेकर कई बातें कहती हैं। इसके अलावा पॉडकास्ट में भी उनके निजी रिश्ते से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होती है। फरीदून के मुताबिक, लगातार इस तरह की बातें सार्वजनिक होने से ऐसा लगता है कि निजी रिश्ते को एक तरह के मीडिया मुद्दे में बदल दिया गया है।

‘गोविंदा बेहद संवेदनशील दौर से गुजर रहे हैं’

फरीदून शहरयार ने गोविंदा की मानसिक और भावनात्मक स्थिति को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि अभिनेता ने अपनी मां को खोने के बाद गहरा भावनात्मक आघात झेला था और इस नुकसान का असर उनकी जिंदगी पर लंबे समय तक रहा।

पत्रकार के मुताबिक, गोविंदा ने अपने करियर में भी लंबे समय तक उतार-चढ़ाव देखे हैं। ऐसे में उन्हें सार्वजनिक चर्चाओं और निजी विवादों के बजाय अपने करीबियों के प्यार, समझ और सहयोग की जरूरत है।

उन्होंने यह भी कहा कि किसी व्यक्ति के निजी दुख और रिश्तों से जुड़े घावों को सार्वजनिक तमाशा नहीं बनाना चाहिए। फरीदून ने सुनीता से अपील की कि वह कुछ बातों को परिवार तक ही सीमित रखें।

गोविंदा के करियर को लेकर कही बड़ी बात

फरीदून शहरयार ने गोविंदा के फिल्मी करियर का जिक्र करते हुए कहा कि अभिनेता ने हिंदी सिनेमा को कई यादगार किरदार और शानदार परफॉर्मेंस दी हैं। 90 के दशक में गोविंदा की कॉमिक टाइमिंग, डांस और अभिनय ने उन्हें दर्शकों के बीच खास पहचान दिलाई थी।

उन्होंने यह भी कहा कि उम्र बढ़ने के बावजूद कई कलाकार अपने करियर के बाद के दौर में बेहतरीन काम कर रहे हैं। ऐसे में गोविंदा के लिए भी एक शानदार भूमिका वापसी का रास्ता खोल सकती है। पत्रकार का मानना है कि अभिनेता के अंदर आज भी वह प्रतिभा मौजूद है और उन्हें सिर्फ एक ऐसे किरदार की जरूरत है, जो उनकी क्षमता को दोबारा सामने ला सके।

‘गोविंदा को एक और मौका मिलना चाहिए’

फरीदून शहरयार ने अपनी पोस्ट में गोविंदा के लिए सम्मान और गरिमा की बात कही। उनका कहना है कि अभिनेता को लगातार निजी चर्चाओं में घसीटने के बजाय उन्हें अपनी जिंदगी और करियर पर ध्यान देने का मौका मिलना चाहिए।

गोविंदा और सुनीता आहूजा की शादी को कई दशक हो चुके हैं और दोनों के रिश्ते को लेकर समय-समय पर अलग-अलग तरह की खबरें सामने आती रही हैं। हालांकि, अब फरीदून शहरयार के इस बयान ने एक बार फिर दोनों की निजी जिंदगी को चर्चा में ला दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *