सीतापुर में चौका नदी में डूबने से किशोर की मौत:मवेशी निकालने के दौरान गहरे पानी में जाने से गई जान

सीतापुर में चौका नदी में डूबने से किशोर की मौत:मवेशी निकालने के दौरान गहरे पानी में जाने से गई जान

सीतापुर में सोमवार शाम करीब 6 बजे चौका नदी में डूबने से किशोर की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम पसर गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद नदी से किशोर का शव बाहर निकाला। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मामला रेउसा थाना क्षेत्र के ग्राम नारायनपुर मजरा बरी का है। जानकारी के अनुसार, नारायनपुर मजरा बरी निवासी सुमेरी भार्गव (12) पुत्र श्यामलाल सोमवार को गांव के अन्य बच्चों के साथ मवेशी चराने के लिए गया था। इसी दौरान चरते-चरते कुछ मवेशी चौका नदी के पानी में उतर गए। मवेशियों को नदी से बाहर निकालने के लिए श्यामलाल भी उनके पीछे पानी में उतर गया। बताया जा रहा है कि नदी में पानी की गहराई और तेज बहाव का किशोर को अंदाजा नहीं था। नदी में कुछ दूर जाने के बाद वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। श्यामलाल को डूबता देखकर उसके साथ मौजूद अन्य बच्चों में चीख-पुकार मच गई। बच्चे तत्काल गांव की ओर दौड़े और शोर मचाकर ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने नदी में उतरकर श्यामलाल की तलाश शुरू कर दी। काफी देर तक चले खोज अभियान के बाद ग्राम भीरी के पास ब्रह्मचारी बाबा स्थान के निकट चौका नदी के गहरे पानी से श्यामलाल को बाहर निकाला जा सका। परिजन आनन-फानन में किशोर को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेउसा पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। 12 वर्षीय बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां-पिता समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *