500 किलो पनीर-2 हजार लीटर दूध नष्ट:मथुरा में पनीर की फैक्ट्री पर छापा, केमिकल से पनीर बनाने का आरोप; 9 सैंपल जांच को भेजे

500 किलो पनीर-2 हजार लीटर दूध नष्ट:मथुरा में पनीर की फैक्ट्री पर छापा, केमिकल से पनीर बनाने का आरोप; 9 सैंपल जांच को भेजे

मथुरा में सोमवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पनीर बनाने वाली यूनिट पर छापा मारा। यहां पनीर बनाने में सोयाबीन ऑयल और कई तरह के केमिकल इस्तेमाल किए जा रहे थे। टीम ने मौके से 500 किलो पनीर और 2 हजार लीटर दूध नष्ट करा दिया। दोनों की कीमत करीब 2.30 लाख रुपए बताई गई है। कार्रवाई छाता तहसील के हुसैनी गांव में दोपहर तीन बजे सहायक आयुक्त खाद्य डॉ. जतिन कुमार सिंह के निर्देशन और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी केके त्रिपाठी के नेतृत्व में की गई। टीम ने सोनू कुमार की यूनिट की जांच की। पनीर बनाने में मिलाए जा रहे थे केमिकल जांच के दौरान टीम को 80 किलो रिफाइंड सोयाबीन ऑयल, 20 किलो टीनोपाल केमिकल और 12 किलो रंगकाट (सोडियम हाइड्रो सल्फेट) मिला। इसके अलावा स्किम्ड मिल्क पाउडर और सोयाबीन भी मिला। अधिकारियों के मुताबिक, इन चीजों का इस्तेमाल पनीर बनाने में किया जा रहा था। टीम ने पनीर और दूध के दो-दो सैंपल लिए। इसके अलावा रिफाइंड पामोलीन ऑयल, सोयाबीन, टीनोपाल और स्किम्ड मिल्क पाउडर के एक-एक सैंपल लिए गए। कुल 9 सैंपल जांच के लिए सरकारी लैब भेजे जा रहे हैं। बाकी सामान सीज, FIR दर्ज मौके पर मिला 500 किलो पनीर टीम ने नष्ट करा दिया। इसकी कीमत करीब 1.05 लाख रुपए थी। वहीं, 2 हजार लीटर दूध भी नष्ट कराया गया। इसकी कीमत करीब 1.25 लाख रुपए बताई गई है। टीम ने पनीर बनाने में इस्तेमाल किए जा रहे बाकी अपमिश्रकों को भी सीज कर दिया। इसके बाद खाद्य कारोबारकर्ता के खिलाफ थाना शेरगढ़ में FIR दर्ज कराई गई। अधिकारियों ने बताया कि सैंपल की जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य कारोबारकर्ता के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई करने वाली टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी धर्मेंद्र सिंह, अरुण कुमार राणा, जितेंद्र सिंह, रीना शर्मा और नेहा शामिल थीं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *