मैहर और रीवा जिले की सीमा पर स्थित गोविंदगढ़ तालाब की मेढ़ में पानी रिसाव की सूचना के बाद सोमवार शाम अमरपाटन विधायक डॉ. राजेंद्र सिंह ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से रिसाव की जानकारी ली और तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्थिति को सामान्य बताया। इससे पहले, गोविंदगढ़ जलाशय में रिसाव की जानकारी मिलने पर मैहर कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी के निर्देश पर अमरपाटन तहसीलदार प्रवीण त्रिपाठी जल संसाधन विभाग की टीम के साथ रविवार देर रात मौके पर पहुंचे थे। टीम ने बांध की मेढ़ का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच के दौरान बांध की आरडी 3750 से 3800 मीटर के बीच दो स्थानों पर मामूली जल रिसाव पाया गया। अधिकारियों के अनुसार, रिसाव आधे एचपी से भी कम मात्रा में है। निरीक्षण में रिसाव की मात्रा में किसी प्रकार की वृद्धि नहीं पाई गई और पानी का रंग भी स्वच्छ पाया गया। सीमेंट की मदद से रिसाव को भरा विधायक के निरीक्षण के दौरान, संबंधित टीम द्वारा पत्थर, कंक्रीट और सीमेंट की मदद से रिसाव वाले स्थान को भरने का काम शुरू किया गया। जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि रिसाव निर्धारित सीमा के भीतर है और बांध के क्षरण के कोई संकेत नहीं मिले हैं। विभाग के चीफ इंजीनियर बीके मंडोले ने भी स्थिति को सामान्य बताते हुए कहा कि मेढ़ में किसी बड़ी क्षति जैसी स्थिति नहीं है। रिसाव वाले स्थान पर आवश्यक कार्य कराया जा रहा है। अफवाहों से सावधान रहें विधायक डॉ. राजेंद्र कुमार सिंह ने स्थानीय लोगों से चर्चा की और उन्हें स्थिति सामान्य होने की जानकारी दी। उन्होंने अफवाहों से सावधान रहने की अपील की। विधायक ने बताया कि प्रशासन और जल संसाधन विभाग की टीम पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है।

