रंधावा बोले- अमित शाह पाकिस्तानी ड्रोन नहीं रोक पा रहे:शाह से कांग्रेस को देशभक्ति के सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं,RSS ने गांधी की हत्या करवाई थी

रंधावा बोले- अमित शाह पाकिस्तानी ड्रोन नहीं रोक पा रहे:शाह से कांग्रेस को देशभक्ति के सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं,RSS ने गांधी की हत्या करवाई थी

कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने राजस्थान कांग्रेस की गुटबाजी और वंदेमातरम को लेकर दिए बयान को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर पलटवार किया है। रंधावा ने कहा- अमित शाह को कांग्रेस को देशभक्ति का प्रमाणपत्र देने के बजाय उन मुद्दों पर जवाब देना चाहिए, जिनका सीधा संबंध देश की सुरक्षा से है। कांग्रेस को अमित शाह से देशभक्ति का सर्टिफिकेट लेने की जरूरत नहीं है। रंधावा प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा- अमित शाह पाकिस्तान से आने वाले ड्रोन नहीं रोक पा रहे हैं तो राजस्थान में कांग्रेस की आंधी को कैसे रोक पाएंगे। पाकिस्तान से आने वाले ड्रोन और उनसे जुड़े सुरक्षा मुद्दों पर चर्चा क्यों नहीं की जा रही है। देश की सुरक्षा से जुड़े गंभीर सवालों पर केंद्रीय गृहमंत्री को जवाब देना चाहिए। कांग्रेस परिवार ने देश की आजादी के संघर्ष में अपने खून की दी कुर्बानी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा- कांग्रेस परिवार ने देश की आजादी के संघर्ष में अपने खून की कुर्बानी दी है। कांग्रेस को यह बताने के लिए किसी से प्रमाणपत्र लेने की जरूरत नहीं है कि कौन देशभक्त है और कौन नहीं। देश की आजादी की लड़ाई में किसने संघर्ष किया और किसने अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई लड़ी, इसका इतिहास सबके सामने है। बीजेपी नेता बताएं कि उनके नेताओं की ओर से कौन आजादी की लड़ाई में जेल गया और कौन देश के लिए फांसी के फंदे पर झूला। RSS ने तो महात्मा गांधी की हत्या की थी, उनसे सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं है। पंजाब की जेलों से चल रहा गैंगस्टर नेटवर्क कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी रंधावा ने कहा- गैंगस्टरों का नेटवर्क जेलों के भीतर से भी संचालित होने की बात सामने आती रही है। अमेरिका की एफबीआई की चार्जशीट में इसका जिक्र है। जेलों से मोबाइल के जरिए गैंगस्टर गतिविधियां संचालित हो रही हैं। इस नेटवर्क के जरिए नशे के कारोबार, एक्सटॉर्शन मनी और दूसरी आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। नशे की सप्लाई का नेटवर्क देश के भीतर और बाहर तक फैला हुआ है, इसे पूरी तरह खत्म करने के लिए कड़ी कार्रवाई की जरूरत है। चार सीटें जितवाने का दावा करे उसे टिकट देना चाहिए रंधावा ने कहा- मैंने चार सीटें जिताने की जिम्मेदारी लेने वाले नेताओं को टिकट दिए जाने का बयान दिया था। यदि कोई नेता यह जिम्मेदारी लेता है कि वो चार उम्मीदवारों को चुनाव जिताकर लाएगा, तो पार्टी को उसकी क्षमता और जिम्मेदारी को ध्यान में रखते हुए उसे टिकट देना चाहिए। अगर कोई नेता यह कहता है कि मैं चार सीट जिताऊंगा तो उसे टिकट देनी होगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *