नई इनोवा कार की 5 महीने से RC नहीं बनी:मोगा में परेशान ग्राहक ने गाड़ी पर चारा लादकर जताया विरोध

नई इनोवा कार की 5 महीने से RC नहीं बनी:मोगा में परेशान ग्राहक ने गाड़ी पर चारा लादकर जताया विरोध

मोगा में नई इनोवा कार की रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (आरसी) पांच महीने तक जारी न होने से परेशान एक ग्राहक ने अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। दविंदरपाल सिंह नामक ग्राहक ने अपनी नई इनोवा पर चारा लादकर कंपनी और एजेंसी के खिलाफ रोष व्यक्त किया। उनका यह विरोध क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। दविंदरपाल सिंह ने बताया कि उन्होंने करीब पांच महीने पहले 31 लाख 30 हजार रुपये में इनोवा गाड़ी बुक करवाई थी। कुछ समय बाद एजेंसी की ओर से वाहन की कीमत बढ़ने की जानकारी दी गई, जिसके बाद उन्होंने 54 हजार रुपये अतिरिक्त जमा करा दिए। इसके बावजूद आज तक उनकी गाड़ी की आरसी जारी नहीं हो सकी। उन्होंने बताया कि जब वह आरसी संबंधी जानकारी लेने के लिए चंडीगढ़ स्थित आरटीओ कार्यालय पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि वाहन की बिलिंग राशि और आरटीओ रिकॉर्ड में दर्ज राशि में अंतर है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक बिलिंग में मौजूद त्रुटि ठीक नहीं होती, तब तक वाहन का रजिस्ट्रेशन संभव नहीं है। दविंदरपाल बोले- कई बार एजेंसी और कंपनी के अधिकारियों से संपर्क किया दविंदरपाल सिंह का आरोप है कि उन्होंने इस समस्या को लेकर कई बार एजेंसी और कंपनी के अधिकारियों से संपर्क किया, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। उनका कहना है कि मोगा में संबंधित एजेंसी की बिलिंग व्यवस्था न होने के कारण बिलिंग लुधियाना से की जाती है, जिससे यह समस्या उत्पन्न हुई है। ग्राहक के अनुसार, एजेंसी के एक कर्मचारी ने उन्हें कथित तौर पर कहा था कि अब गाड़ी पर चारा ही ढो लो। इसी टिप्पणी से आहत होकर उन्होंने अपनी नई इनोवा पर चारा लादकर विरोध दर्ज कराया। उन्होंने कंपनी और एजेंसी से जल्द समस्या का समाधान कर आरसी जारी करने की मांग की है। फिलहाल इस मामले में कंपनी या एजेंसी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *