गाजीपुर में गंगा नदी में डूबकर दो दोस्तों की मौत:तीसरे को मल्लाहों ने बचाया, सावन के सोमवार पर नहाने गए थे

गाजीपुर में गंगा नदी में डूबकर दो दोस्तों की मौत:तीसरे को मल्लाहों ने बचाया, सावन के सोमवार पर नहाने गए थे

गाजीपुर में गौसपुर गायत्री गंगा घाट पर सोमवार की सुबह स्नान करते समय तीन युवक गहरे पानी में डूब गए। घाट पर मौजूद मल्लाहों ने एक युवक को सकुशल बाहर निकाल लिया, जबकि दो युवक गंगा की लहरों में समा गए। स्थानीय गोताखोरों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दोनों को पानी से बाहर निकाला। गंभीर हालत में उन्हें एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। यह पूरा मामला मुहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र का है। मृतकों की पहचान मुहम्मदाबाद नगर के शैव टोला निवासी अरुण पांडेय और गुलशन कुशवाहा के रूप में हुई है। दोनों अपने साथी और गुलशन के रिश्तेदार टोडरपुर निवासी शिवम कुशवाहा के साथ सोमवार सुबह गंगा स्नान करने गौसपुर के गायत्री गंगा घाट पहुंचे थे। बताया गया कि स्नान के दौरान पैर फिसलने से तीनों गहरे पानी में चले गए। घाट पर मौजूद मल्लाहों ने शिवम को डूबते देखा तो उसका हाथ पकड़कर बाहर निकाल लिया। कुछ देर बाद सामान्य होने पर शिवम ने अरुण और गुलशन के भी डूबने की जानकारी दी। इसके बाद घाट पर मौजूद गोताखोर दोनों युवकों की तलाश में जुट गए। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दोनों को पानी से बाहर निकाला गया। युवकों के डूबने की सूचना मिलते ही मुहम्मदाबाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों को एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय भेजा, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दोनों युवक स्नातक के छात्र थे अरुण पांडेय और गुलशन कुशवाहा अपने परिवार में बड़े बेटे थे। अरुण शैव टोला निवासी त्रियोगी पांडेय के दो बेटों में बड़ा था, जबकि गुलशन संतोष कुशवाहा के दो बेटों में बड़ा था। दोनों नगर के ही महाविद्यालय में स्नातक की पढ़ाई कर रहे थे। वे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के साथ परिवार के कामकाज में भी हाथ बंटाते थे। दोनों युवकों की मौत की खबर शैव टोला पहुंचते ही परिवार और मोहल्ले में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह ने बताया कि गौसपुर गंगा तट के पास डूबे दोनों युवकों को जिला चिकित्सालय भेजा गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *