मेरठ में सोमवार को मौसम का मिजाज बदला-बदला नजर आ रहा है। सुबह से कभी आसमान में बादल छाए रहे तो कभी हल्की धूप निकली। धूप निकलने के साथ ही उमस बढ़ गई, जिससे लोग गर्मी और चिपचिपाहट से परेशान रहे। हालांकि इसके साथ ही मौसम विभाग के अनुसार आज बारिश के भी आसार हैं। मौसम विभाग ने सोमवार और मंगलवार को बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना जताई है। इसके साथ ही तापमान भी 35 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है। बारिश होने से तापमान में कुछ गिरावट आने और लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि बारिश के बाद वातावरण में नमी बढ़ने से कुछ समय के लिए उमस और बढ़ सकती है। मौसम का यह मिला-जुला असर अगले दो दिनों तक बने रहने की संभावना है। वहीं, एक्यूआई का स्तर 100 से कम रहने से लोगों को प्रदूषण से राहत मिली है। मौसम में बदलाव के साथ हवा की गुणवत्ता भी अपेक्षाकृत बेहतर बनी हुई है। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की मौसम वेधशाला में रविवार को अधिकतम तापमान 34.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार और मंगलवार को स्थानीय स्तर पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार रविवार को मानसूनी गतिविधियां सक्रिय रह सकती हैं। सुबह से ही आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहने की उम्मीद है। दिन में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। कहीं-कहीं बारिश तेज भी हो सकती है, जबकि कुछ इलाकों में केवल बौछारें पड़ने की संभावना है। बारिश होने पर तापमान में मामूली गिरावट के साथ लोगों को उमस से राहत मिल सकती है।


