वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रविवार सुबह लोडेड पिस्टल टर्मिनल के अंदर पहुंचने से सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए। मुंबई जाने वाले यात्री कमलेश राय की लाइसेंसी पिस्टल सुरक्षा जांच के दौरान अनलोड करते समय चल गई। गोली फर्श से टकराने के बाद महिला कर्मचारी सुमन की जांघ में लगी, जबकि छर्रे लगने से ग्राउंड स्टाफ रोहित राज घायल हो गए। दोनों AAICLAS के स्क्रीनर हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि लाइसेंसी और बुक की गई पिस्टल होने के बावजूद लोडेड हालत में असलहा टर्मिनल भवन के अंदर तक कैसे पहुंच गया? घटना के बाद पुलिस ने यात्री को हिरासत में लेकर पिस्टल और 21 कारतूस कब्जे में लिए हैं। 9:30 बजे पत्नी के साथ एयरपोर्ट पहुंचा था यात्री आजमगढ़ निवासी कमलेश राय रविवार सुबह करीब 9:30 बजे पत्नी के साथ मुंबई जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचे थे। उन्हें एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX-1810 से मुंबई जाना था। यात्री ने पहले ही पिस्टल और कारतूस ले जाने की बुकिंग कराई थी। बताया जा रहा है कि एयरपोर्ट पहुंचने के बाद वह लोडेड पिस्टल के साथ मुख्य टर्मिनल भवन तक पहुंच गया। वहां सुरक्षा जांच के दौरान पिस्टल को अनलोड किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक गोली चल गई। फर्श से टकराकर महिला कर्मचारी की जांघ में लगी गोली गोली पहले फर्श से टकराई और फिर महिला कर्मचारी सुमन की जांघ में जा लगी। वहीं, गोली के छर्रे लगने से ग्राउंड स्टाफ रोहित राज भी घायल हो गए। दोनों AAICLAS के स्क्रीनर बताए जा रहे हैं। अचानक गोली चलने से टर्मिनल में अफरा-तफरी मच गई। दोनों घायलों को तत्काल न्यू लक्ष्मी ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। सूचना मिलने पर फूलपुर पुलिस और एयरपोर्ट के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। यात्री हिरासत में, पिस्टल और 21 कारतूस कब्जे में पुलिस ने कमलेश राय को हिरासत में ले लिया। उसके पास मौजूद लाइसेंसी पिस्टल और 21 कारतूस कब्जे में लिए गए हैं। पुलिस घटना की परिस्थितियों और सुरक्षा जांच की प्रक्रिया की जानकारी जुटा रही है। नियम के मुताबिक बाहर ही होनी चाहिए थी पिस्टल अनलोड असलहा लेकर हवाई यात्रा करने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत हथियार को टर्मिनल में प्रवेश से पहले ही अनलोड किया जाना चाहिए। कारतूस अलग किए जाने के बाद संबंधित प्रक्रिया के तहत हथियार और गोला-बारूद को आगे भेजा जाता है। ऐसे में इस मामले में जांच का सबसे अहम बिंदु यही है कि लोडेड पिस्टल टर्मिनल भवन के अंदर तक कैसे पहुंची और प्रवेश के दौरान इसकी जांच क्यों नहीं हुई? एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच के कई स्तर होने के बावजूद लोडेड पिस्टल का टर्मिनल के अंदर पहुंचना गंभीर सवाल खड़े करता है। घटना के बाद यह भी जांच का विषय है कि यात्री की एंट्री के समय किस स्तर पर चूक हुई और हथियार की स्थिति की जांच किस चरण में होनी थी। फिलहाल पुलिस और एयरपोर्ट सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं। जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि लापरवाही यात्री की ओर से हुई या सुरक्षा जांच की प्रक्रिया में भी कोई चूक हुई।


