तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह के पेंड्रा आगमन पर वरिष्ठ नागरिक पूरन छाबरिया ने उनसे मुलाकात की। इस दौरान छाबरिया ने पेंड्रा बाईपास के जल्द निर्माण की मांग को दोहराया। उन्होंने विधानसभा में इस मुद्दे को उठाने के लिए विधायक का आभार भी व्यक्त किया। पूरन छाबरिया ने बताया कि बाईपास न होने के कारण नगर में भारी वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है। इससे आए दिन दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता है और आम जनता को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। छाबरिया ने विधानसभा में पेंड्रा बाईपास निर्माण के संवेदनशील मुद्दे को प्रमुखता से उठाने के लिए धर्मजीत सिंह के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनके इन प्रयासों से बाईपास निर्माण की प्रक्रिया में तेजी आएगी। पूरन छाबरिया ने विधायक से आग्रह किया कि वे बाईपास निर्माण की स्वीकृतियों और जमीनी कार्य को जल्द से जल्द पूरा कराने के लिए निरंतर पहल करते रहें। उनका उद्देश्य पेंड्रा के नागरिकों को यातायात के दबाव और इस चिरप्रतीक्षित समस्या से स्थायी निजात दिलाना है।


