सीतापुर में देर रात से सुबह तक रुक-रुककर बारिश:शहर में जलभराव से बढ़ी परेशानी, तापमान पहुंचा 27 डिग्री सेल्सियस

सीतापुर में देर रात से सुबह तक रुक-रुककर बारिश:शहर में जलभराव से बढ़ी परेशानी, तापमान पहुंचा 27 डिग्री सेल्सियस

सीतापुर जिले में शनिवार की देर रात से शुरू हुई बारिश रविवार सुबह तक रुक-रुककर जारी रही। रात में हल्की बूंदाबांदी के साथ शुरू हुई बारिश ने सुबह तक अपना असर बनाए रखा। लगातार बारिश के कारण मौसम सुहाना हो गया और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। वहीं, बारिश के चलते शहर और कस्बाई इलाकों में कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। रविवार सुबह जिले का तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि शनिवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रहा था। तापमान में आई गिरावट से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। हालांकि सुबह बारिश जारी रहने के कारण रोजमर्रा के कामकाज के लिए घर से निकलने वाले लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई। कई लोग बारिश थमने का इंतजार करते नजर आए, जबकि जरूरी काम से निकले लोगों को भीगते हुए आवागमन करना पड़ा। बारिश का असर शहर की सड़कों पर भी देखने को मिला। निचले इलाकों और जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने वाले स्थानों पर पानी जमा हो गया। कुछ सड़कों पर जलभराव के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान जल निकासी की व्यवस्था प्रभावित होने से कई स्थानों पर सड़क पर पानी जमा हो जाता है। कृषि के लिहाज से बारिश को काफी उपयोगी माना जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार इस तरह की बारिश गन्ने और धान की फसलों के लिए लाभदायक हो सकती है। किसानों को इससे फसलों में नमी मिलने के साथ सिंचाई की जरूरत भी कुछ हद तक कम होने की उम्मीद है। मौसम के लगातार बदले मिजाज से जिले में आने वाले दिनों में भी बारिश की संभावना बनी हुई है। ग्रामीण क्षेत्रों में किसान बारिश को फसलों के लिए राहत के रूप में देख रहे हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *