नई दिल्ली के गोविंदपुर निवासी 32 वर्षीय पंकज यादव पिछले छह महीने से बाइक से भारत भ्रमण कर रहे हैं। अब तक वे करीब 25 हजार किलोमीटर की यात्रा कर चुके हैं और 26 राज्यों का दौरा कर चुके हैं। फिलहाल वे रामानुजगंज में हैं। पंकज ने बताया कि इस यात्रा का मकसद सिर्फ घूमना नहीं है। वे देश के अलग-अलग हिस्सों की संस्कृति, परंपरा, खान-पान और रहन-सहन को करीब से समझना चाहते हैं। साथ ही लोगों के बीच भाईचारे और एकता का संदेश देना चाहते हैं। अगस्त में भी जारी रहेगा सफर पंकज का कहना है कि उनका सफर अभी जारी है। अगस्त महीने में वे उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ के अलग-अलग क्षेत्रों का भ्रमण करेंगे। इसके बाद दिल्ली लौटेंगे। टेंट और जरूरी सामान साथ लेकर चलते हैं यात्रा के दौरान पंकज अपने साथ टेंट, खाने-पीने का सामान, कपड़े, पेट्रोल और फोल्डिंग कुर्सी जैसी जरूरी चीजें रखते हैं। रात में कई बार वे खुद टेंट लगाकर रुकते हैं। वहीं, कई पेट्रोल पंपों पर भी उन्हें रुकने की सुविधा मिल जाती है। रामानुजगंज में मंदिर में रुके रामानुजगंज पहुंचने पर पंकज ने शिव मंदिर में विश्राम किया। मंदिर के मुख्य पुजारी श्याम कुशल पांडेय ने उनकी मदद की। पंकज ने बताया कि छह महीने की यात्रा में उन्हें अब तक किसी बड़ी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। बचत के पैसों से शुरू की यात्रा भारत भ्रमण शुरू करने से पहले पंकज सेल्समैन की नौकरी करते थे। नौकरी के दौरान उन्होंने जो पैसे बचाए थे, उसी से उन्होंने यह यात्रा शुरू की। उन्होंने बताया कि यात्रा के लिए परिवार से कोई आर्थिक मदद नहीं ली है। अलग-अलग राज्यों के लोगों से जुड़ने का मौका पंकज ने बताया कि बाइक से लंबी यात्रा के दौरान उन्हें अलग-अलग राज्यों के लोगों से मिलने और उनकी जिंदगी को करीब से समझने का मौका मिला। लोगों की आत्मीयता और अलग-अलग संस्कृति को देखना उनके लिए खास अनुभव रहा। युवाओं के लिए प्रेरणा बना सफर पंकज का यह सफर युवाओं को भी प्रेरणा दे रहा है। उनका कहना है कि सीमित साधनों के बावजूद अगर इच्छाशक्ति मजबूत हो तो बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं। उनका उद्देश्य भारत की विविधता को समझना और लोगों के बीच एकता व भाईचारे की भावना को महसूस करना है।


