राजा भोज मल्टीक्लास नेशनल सेलिंग चैंपियनशिप (रैंकिंग) के तीसरे संस्करण का समापन रविवार को भोपाल के बोट क्लब में होगा। सुबह 11 बजे होने वाले समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग शामिल होंगे। प्रतियोगिता में विभिन्न वर्गों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार और सम्मान प्रदान किया जाएगा। 11 से 16 अगस्त तक हुई इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के अलग-अलग राज्यों से 100 से अधिक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के सेलिंग खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता की रेस में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर उनकी राष्ट्रीय रैंकिंग तय की जाएगी। यह रैंकिंग आगे राष्ट्रीय टीम में स्थान बनाने और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अपर लेक की लहरों पर दिखाया कौशल चैंपियनशिप के दौरान खिलाड़ियों ने अपर लेक की लहरों पर सेलिंग का शानदार प्रदर्शन किया। अलग-अलग वर्गों में खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। संतुलन, गति और तकनीक के आधार पर खिलाड़ियों ने अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय रैंकिंग में बेहतर स्थान हासिल करने वाले खिलाड़ियों के लिए आगे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा के अवसर मजबूत होंगे। वाटर स्पोर्ट्स का प्रमुख केंद्र बन रहा भोपाल भोपाल की प्राकृतिक झीलें सेलिंग, रोइंग, कयाकिंग और केनोइंग जैसे वाटर स्पोर्ट्स के लिए अनुकूल हैं। मध्यप्रदेश राज्य जल क्रीड़ा अकादमी की स्थापना वर्ष 2007 में की गई थी। अकादमी में सेलिंग, रोइंग, कयाकिंग, केनोइंग और स्लालम की प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध हैं। अकादमी के खिलाड़ियों ने अब तक 28 अंतरराष्ट्रीय और 69 राष्ट्रीय पदक हासिल किए हैं। इसके अलावा खिलाड़ी 37 अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी भारत और मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। पुरस्कार के साथ आगे का रास्ता भी होगा तय रविवार को होने वाले समापन समारोह में चैंपियनशिप के विजेता और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता से मिली राष्ट्रीय रैंकिंग खिलाड़ियों के आगामी खेल करियर के लिए अहम होगी। भोपाल में लगातार राष्ट्रीय स्तर की जल क्रीड़ा प्रतियोगिताओं के आयोजन से शहर की पहचान देश के प्रमुख वाटर स्पोर्ट्स केंद्र के रूप में और मजबूत हुई है।


