सिवनी जिले से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर बंजारी घाटी के पास रविवार सुबह करीब 8:30 बजे चलते कंटेनर में भीषण आग लग गई। सिवनी से जबलपुर की ओर जा रहे कंटेनर में आग लगते ही चालक ने वाहन को सड़क किनारे रोका और कूदकर अपनी जान बचाई। कुछ ही देर में आग ने पूरे कंटेनर को चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के कुछ ही समय बाद कंटेनर से तेज लपटें उठने लगीं और आसपास धुएं का गुबार फैल गया। इस दौरान कंटेनर से दो बार धमाके जैसी तेज आवाजें भी सुनाई दीं। आवाज सुनकर मौके पर मौजूद लोग सुरक्षित दूरी पर चले गए। NH-44 पर कुछ समय प्रभावित रहा यातायात घटना की सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी गई। आग के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर यातायात भी प्रभावित हुआ। सिवनी-जबलपुर के बीच यह मार्ग व्यस्त होने के कारण जलते कंटेनर को देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ भी जमा हो गई। गनीमत रही कि हादसे के दौरान कंटेनर के आसपास कोई दूसरा वाहन या राहगीर मौजूद नहीं था। इससे बड़ा हादसा टल गया। कंटेनर से धमाके जैसी आवाजें आने के कारण मौके पर कुछ समय तक दहशत का माहौल बना रहा। आग लगने का कारण जांच के बाद होगा स्पष्ट कंटेनर में आग लगने का वास्तविक कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी या किसी अन्य वजह से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने और स्थिति को नियंत्रित करने की कार्रवाई की। आग से कंटेनर को भारी नुकसान हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


