चंडीगढ़ में दुकानदार की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। आरोपी ने उनके हार्ट पर चाकू से वार किया। इसके बाद चाकू घुमा दिया। इससे उनका हार्ट बाहर आ गया। इसके बाद वह जमीन पर गिर पड़े और ज्यादा खून बहने के कारण वहीं तड़पते रहे।कुछ देर बाद जब लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी अपने बेटों के साथ वहां से भाग गया। लोगों ने घायल दुकानदार को उठाया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने मौके से सबूत जुटाए हैं और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस आरोपी और उसके बेटे की तलाश में दबिश दे रही है। मृतक दुकानदार देशराज हिमाचल प्रदेश के ऊना के रहने वाले थे।आरोपियों की पहचान विनोद उर्फ डमरू और उसके दो बेटों के रूप में हुई है। बड़े बेटे प्रियांशु की उम्र 24 साल और छोटे बेटे हिमांशु की उम्र 22 साल है। विवाद सिर्फ सब्जी लगाने की जगह को लेकर हुआ अब पूरा मामला विस्तार से पढ़िए… सेक्टर-26 में सब्जी बेचता था: मृतक के भाई बब्बू ने बताया कि देशराज सेक्टर-26 की सब्जी मंडी में शिमला मिर्च और धनिया बेचता था। पिछले कुछ दिनों से बारिश होने के कारण उसकी दुकान की जगह गीली हो गई थी और वहां बैठकर सब्जी लगाना मुश्किल था। इसलिए उसने विनोद से कहा कि वह आज उसकी जगह पर अपनी सब्जी लगा लेता है। इसके बाद देशराज ने विनोद की जगह पर शिमला मिर्च लगा ली। सीने में चाकू मारा, फिर घुमाया: कुछ देर बाद विनोद अपने दोनों बेटों के साथ वहां पहुंचा और देशराज से झगड़ा करने लगा। इस दौरान वे गाली-गलौज भी करने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करवा दिया। इसी दौरान विनोद के बड़े बेटे प्रियांशु ने देशराज पर चाकू से हमला कर दिया। प्रियांशु ने देशराज के सीने में चाकू मारा और उसे अंदर घुमाने के बाद मौके से फरार हो गया। सब्जी की गाड़ी में PGI पहुंचाया: हमले के तुरंत बाद 112 नंबर पर सूचना दी गई। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही परिवार और आसपास के लोगों ने देशराज को सब्जी वाली गाड़ी में डालकर पीजीआई पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने रात करीब 9:45 बजे उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार में पत्नी और 3 बच्चे: बब्बू ने बताया कि देशराज के परिवार में पत्नी और तीन बच्चे हैं। उसकी दो बेटियां हैं, जिनमें एक दसवीं और दूसरी बारहवीं कक्षा में पढ़ती है। उसका दो साल का बेटा है। विनोद और देशराज के बीच पहले से कोई पुराना विवाद नहीं था। विवाद सिर्फ सब्जी लगाने की जगह को लेकर हुआ था। रात को मंडी में सोता था देशराज: बब्बू ने बताया कि झगड़े से पहले विनोद अपनी एक्टिवा लाकर वहां खड़ी कर गया था। देशराज करीब आठ साल से सेक्टर-26 मंडी में काम कर रहा था। वह रात को मंडी में ही सोता था। फोरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत
हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस के सीनियर अफसर मौके पर पहुंचे। मोबाइल फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से खून के धब्बे समेत अन्य सबूत जुटाए। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमले का पूरा घटनाक्रम सामने आ सके। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। आरोपी और बेटों की तलाश की जा रही
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी विनोद और उसके बेटों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद हत्या की वजह और वारदात का पूरा क्रम स्पष्ट हो सकेगा।


