मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बनना हैं। इसके लिए राजस्थान युवा नीति सहित 36 नीतियां लागू की गई हैं और स्टार्टअप व स्वरोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे युवा विकास में भागीदार बने। स्थानीय उत्पादों की प्रोसेसिंग इकाइयों से युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और स्थानीय उत्पादों को ग्लोबल पहचान मिलेगी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में अटल ज्ञान केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं, जहां लाइब्रेरी, ई-लाइब्रेरी और ई-मित्र जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। सीएम शनिवार को बीकानेर में जल विज्ञान एवं जल प्रबंधन संस्थान के सभागार में आयोजित ‘विकसित राजस्थान-2047’ कार्यक्रम में युवाओं से संवाद कर रहे थे। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति के विचार, नवाचार, कौशल और उद्यमिता विकसित राजस्थान की आधारशिला हैं। प्रदेश के युवा अपनी प्रतिभा, सामर्थ्य और समर्पण से माता-पिता के सपनों को साकार करने के साथ विकसित, आत्मनिर्भर और नए भारत के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाएं। राज्य सरकार युवाओं को प्रतिभा और कौशल के प्रदर्शन के लिए जरूरी संसाधन, सहयोग और अनुकूल माहौल उपलब्ध करवा रही है। उन्होंने कहा कि कृषि, स्वास्थ्य, जल संरक्षण और जनसेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों की समस्याओं के तकनीक आधारित समाधान विकसित करने के लिए युवाओं को प्रोत्साहित किया जा रहा है। पेपरलीक माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले पेपरलीक माफिया के खिलाफ सरकार ने सख्त कार्रवाई की है और दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा गया है। उन्होंने बताया कि अब तक 410 परीक्षाएं बिना पेपरलीक के आयोजित की जा चुकी हैं। करीब 1.78 लाख से अधिक पदों पर नियुक्तियां दी गई हैं, जबकि 1.32 लाख से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। वहीं, 70 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की तैयारी की जा रही है। निजी क्षेत्र में भी करीब 4 लाख युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस पर युवाओं के लिए निशुल्क ऑनलाइन कोचिंग और एक करोड़ युवाओं को एआई का प्रशिक्षण देने की घोषणा की है। साथ ही ओलंपिक में भारत के प्रदर्शन को बेहतर बनाने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर खेल प्रतिभाओं की खोज की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न युवाओं से संवाद किया। युवाओं ने अपने अनुभव साझा करने के साथ सुझाव भी दिए। 5 नई पीएम ई-बसों को दिखाई हरी झंडी
मुख्यमंत्री ने सुगम और हरित परिवहन को बढ़ावा देने के लिए बीकानेर में 5 नई पीएम ई-बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल सहित विधायक जेठानंद व्यास, विश्वनाथ मेघवाल, ताराचंद सारस्वत, अंशुमान सिंह भाटी, अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. राजेश यादव और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।


