स्वतंत्रता दिवस पर ऊर्जा विभाग की जिम्मेदारी का संकल्प:एमडी पॉवर रवीश गुप्ता ने किया 12 विद्युत सखियों का सम्मान, रस्साकशी ने मन मोहा

स्वतंत्रता दिवस पर ऊर्जा विभाग की जिम्मेदारी का संकल्प:एमडी पॉवर रवीश गुप्ता ने किया 12 विद्युत सखियों का सम्मान, रस्साकशी ने मन मोहा

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में ऊर्जा विभाग के प्रबंध निदेशक ने कहा कि ऊर्जा विभाग सीधे तौर पर देश की प्रगति से जुड़ा हुआ है। औद्योगिक इकाइयों से लेकर ग्रामीण विकास और प्रत्येक आर्थिक गतिविधि में बिजली की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में विद्युत विभाग में कार्यरत प्रत्येक कार्मिक के दैनिक कार्य का सीधा प्रभाव देश के विकास पर पड़ता है। उन्होंने वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि राष्ट्र की सीमाओं की रक्षा करने वाले वीरों का योगदान सर्वोपरि है। राष्ट्र की सुरक्षा और स्वतंत्रता ही देश के विकास की आधारशिला है। स्वतंत्रता दिवस हमें शहीदों के त्याग और बलिदान को याद करने के साथ अपने वर्तमान दायित्वों के प्रति और अधिक सजग होने की प्रेरणा देता है। विद्युत सखियों ने कमाया सम्मान
समारोह में राष्ट्र और समाज की प्रगति में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 12 विद्युत सखियों को सम्मानित किया गया। इन विद्युत सखियों ने बिजली बिलों के राजस्व संग्रह में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए करोड़ों रुपये का राजस्व जुटाया और लाखों रुपये का कमीशन अर्जित किया। बुलंदशहर की गीता ने जुटाये 11 करोड़
बुलंदशहर की गीता रानी ने सर्वाधिक 11 करोड़ रुपये का राजस्व संग्रह किया। इसके एवज में उन्हें आठ लाख रुपये कमीशन मिला। बागपत की वर्षा ने 10 करोड़ 47 लाख रुपये का राजस्व जुटाकर करीब चार लाख रुपये कमीशन अर्जित किया। बागपत की ही रजनी ने 10 करोड़ 22 लाख रुपये का राजस्व संग्रह किया और चार लाख रुपये कमीशन प्राप्त किया। मेरठ की संगीता ने जुटाया 10 करोड राजस्व
मेरठ की संगीता ने 10 करोड़ रुपये का राजस्व संग्रह कर आठ लाख रुपये कमीशन अर्जित किया। मेरठ की सानिया ने सात करोड़ 19 लाख रुपये का राजस्व संग्रह कर सात लाख रुपये कमीशन प्राप्त किया। बुलंदशहर की सीमा ने आठ करोड़ रुपये का राजस्व जुटाकर 4.50 लाख रुपये कमीशन अर्जित किया। इसके अलावा बागपत की विमला शर्मा, मेरठ की रचना और कविता, मुजफ्फरनगर की प्रतिभा, बागपत की रूबी तथा रामपुर की फिरदौस को भी करोड़ों रुपये का राजस्व संग्रह कर लाखों रुपये कमीशन अर्जित करने पर सम्मानित किया गया। रस्साकशी में दिखा गजब का जोश
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान पारंपरिक रस्साकशी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इसमें मेरठ और मुख्यालय की टीमों के बीच महिला और पुरुष वर्ग में रोमांचक मुकाबले हुए। कर्मचारियों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। आयोजन में अलका तोमर, स्पोर्ट्स ऑफिसर, कोच एवं रेफरी जतन सिंह, बिजेंद्र सिंह और मांगेराम के विशेष योगदान की सराहना की गई। आरुषि ने दी वंदे मातरम की प्रस्तुति
आरुषि की ओर से प्रस्तुत की गई वंदेमातरम की प्रस्तुति समारोह के आकर्षण का केंद्र रही। समारोह में निदेशक कार्मिक एवं प्रशासन आशु कालिया, निदेशक वाणिज्य संजय जैन, निदेशक तकनीकी एनके मिश्र और निदेशक वित्त स्वतंत्र कुमार तोमर समेत विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।कार्यक्रम का संचालन दिलमणि थपलियाल ने किया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *