जौनपुर में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर में देशभक्ति का माहौल रहा। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन ने सुबह 8 बजे ध्वजारोहण किया। इसके बाद अधिकारियों और कर्मचारियों ने तिरंगे को सलामी दी और राष्ट्रगान गाया। जिलाधिकारी ने सभी को पंचप्रण के तहत देश की एकता और अखंडता के लिए निरंतर प्रयास करने तथा राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने की शपथ दिलाई। जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि लंबे संघर्ष और बलिदानों के बाद देश को आजादी मिली है। परतंत्रता की बेड़ियों को तोड़ने के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों को आज के दिन याद करना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें अपने राष्ट्रीय कर्तव्यों की याद दिलाता है। देश की आजादी को बनाए रखना और राष्ट्र को आगे बढ़ाना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। डीएम ने कहा कि राष्ट्र की प्रगति तभी संभव है, जब सभी लोग ईमानदारी, निष्ठा और एकजुटता के साथ काम करें। उन्होंने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के सिद्धांतों का पालन करने पर जोर दिया। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के सफल आयोजन पर सभी को बधाई दी। देखें तस्वीरें… नीम का पौधा लगाया, छात्राओं को किया सम्मानित ध्वजारोहण कार्यक्रम के बाद जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर में नीम का पौधा रोपित किया। उन्होंने रंगोली बनाने वाली जनक कुमारी इंटर कॉलेज की छात्राओं को सम्मानित भी किया। इसके बाद जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में गोष्ठी आयोजित हुई। इसमें मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, अपर जिलाधिकारी परमानंद झा समेत अन्य अधिकारियों ने स्वतंत्रता संग्राम के संघर्ष और वीर शहीदों के बलिदान को याद किया।


