रीवा के सिरमौर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक दिव्यराज सिंह बघेल शुक्रवार शाम जवा जनपद कार्यालय में अनशन पर बैठ गए। विधायक के धरने की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अमले में हलचल बढ़ गई। देर रात कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी धरनास्थल पर पहुंचे और विधायक से मुलाकात कर उनकी मांगों पर चर्चा की। विधायक जवा जनपद क्षेत्र में प्रशासनिक कार्यप्रणाली और स्थानीय व्यवस्थाओं को लेकर नाराज हैं। उनका कहना है कि क्षेत्र की समस्याओं का समय पर निराकरण नहीं हो रहा है और अधिकारियों की कार्यप्रणाली में सुधार की जरूरत है। तिरंगा यात्रा के दौरान सामने आईं समस्याएं बताया गया कि विधायक दिव्यराज सिंह शुक्रवार को तिरंगा यात्रा के लिए जवा पहुंचे थे। इस दौरान कस्बे के अलग-अलग हिस्सों में उन्हें अव्यवस्थाएं नजर आईं। स्थानीय लोगों ने भी अपनी समस्याओं और शिकायतों से विधायक को अवगत कराया। विधायक ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से शिकायतों और उनके निराकरण को लेकर जवाब मांगा। एसडीएम सहित अन्य अधिकारियों के जवाब से संतुष्ट नहीं होने पर विधायक कार्यकर्ताओं के साथ सीएफटी भवन में ही धरने पर बैठ गए। उन्होंने कलेक्टर को मौके पर बुलाने की मांग करते हुए कहा कि कलेक्टर स्वयं जवा पहुंचकर क्षेत्र की वास्तविक स्थिति देखें और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दें। चार मांगों को लेकर कलेक्टर से चर्चा देर रात कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी के धरनास्थल पर पहुंचने के बाद विधायक ने क्षेत्र की समस्याओं को लेकर चार प्रमुख मांगें रखीं। 1. तीन क्षेत्रों में डॉक्टरों की पदस्थापना:
डभौरा, चौखंडी और पटेहरा में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए डॉक्टरों की नियुक्ति की मांग की गई। 2. जवा मार्केट की जल निकासी:
विधायक ने जवा बाजार में जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग रखी। बारिश के दौरान बाजार में पानी भरने से लोगों और व्यापारियों को परेशानी होती है। 3. एसडीएम और सीओ को बदलने की मांग:
विधायक ने आरोप लगाया कि दोनों अधिकारी लोगों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं सुनते और कई काम लंबे समय से लंबित हैं। उन्होंने दोनों अधिकारियों को बदलने की मांग की। 4. सिरमौर-डभौरा रोड की हालत सुधारने की मांग:
विधायक ने सड़क की खराब स्थिति का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना है कि सड़क निर्माण के लिए राशि स्वीकृत हुई थी, लेकिन उसका उपयोग कहां हुआ, इसकी जानकारी सामने आनी चाहिए। उन्होंने सड़क की स्थिति सुधारने और राशि के उपयोग की जांच की मांग की। कलेक्टर से बोले- मौके की स्थिति खुद देखें विधायक दिव्यराज सिंह ने कलेक्टर से कहा कि वे स्वयं मौके पर पहुंचकर क्षेत्र की वस्तुस्थिति से अवगत हों और समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दें। देर रात तक विधायक और कलेक्टर के बीच मांगों को लेकर चर्चा चलती रही। विधायक ने स्पष्ट किया कि जब तक क्षेत्र की व्यवस्थाओं में सुधार और आवश्यक कार्रवाई नहीं होती, तब तक वे संतुष्ट नहीं होंगे।


