गोरखनाथ मंदिर में नाग पंचमी पर कुश्ती दंगल:300+ पहलवान दिखाएंगे दम, विजेताओं को मिलेंगे लाखों के इनाम

गोरखनाथ मंदिर में नाग पंचमी पर कुश्ती दंगल:300+ पहलवान दिखाएंगे दम, विजेताओं को मिलेंगे लाखों के इनाम

गोरखपुर में नाग पंचमी के शुभ अवसर पर गोरखनाथ मंदिर परिसर में इस बार दो दिन तक कुश्ती का भव्य आयोजन होने जा रहा है। 16 और 17 अगस्त को प्रदेश स्तरीय सीनियर प्राइजमनी पुरुष कुश्ती प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इस आयोजन में पूरे उत्तर प्रदेश से पहलवान गोरखपुर पहुंचेंगे और अपनी ताकत का प्रदर्शन करेंगे। हर साल की तरह इस बार भी दंगल को लेकर शहर में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रतियोगिता में तीन अलग-अलग वजन वर्गों में मुकाबले होंगे। 80 किलो से ऊपर वाले पहलवान ‘उत्तर प्रदेश केसरी’ के लिए लड़ेंगे। 66 से 80 किलो वाले ‘उत्तर प्रदेश कुमार’ और 55 से 65 किलो वाले ‘वीर अभिमन्यु’ खिताब के लिए आमने-सामने होंगे। इन मुकाबलों में प्रदेश के नामी पहलवान भाग लेंगे, जिससे हर बाउट बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है। हर पहलवान को भी मिलेगा पैसा
इस दंगल में विजेताओं पर इनामों की बारिश होगी। पहले स्थान पर आने वाले पहलवान को 1 लाख 1 हजार रुपये, गदा और प्रमाण पत्र दिया जाएगा। दूसरे स्थान पर 51 हजार रुपये और तीसरे स्थान पर 25 हजार रुपये का इनाम मिलेगा। खास बात यह है कि हर कुश्ती में हिस्सा लेने वाले दोनों पहलवानों को 500-500 रुपये भी दिए जाएंगे, ताकि सभी खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिल सके। इस प्रतियोगिता में करीब 325 पहलवानों के भाग लेने की संभावना है। ये खिलाड़ी स्पोर्ट्स कॉलेज, खेल छात्रावास और अलग-अलग जिलों से आएंगे। खिलाड़ियों के रहने, खाने और आने-जाने की पूरी व्यवस्था खेल विभाग की ओर से की जाएगी, जिससे उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो और वे पूरी तैयारी के साथ मुकाबला कर सकें। CM योगी फाइनल में होंगे शामिल
प्रतियोगिता का उद्घाटन 16 अगस्त को दोपहर 12:30 बजे किया जाएगा। इसके बाद पूरे दिन मुकाबले चलते रहेंगे। 17 अगस्त को दोपहर 3 बजे फाइनल मुकाबले और पुरस्कार वितरण समारोह होगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने की संभावना है, जो विजेता पहलवानों को सम्मानित करेंगे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *