BSNL ने स्वतंत्रता दिवस पर नए ऑफर किए लॉन्च:सुल्तानपुर में 1 रुपए में अनलिमिटेड कॉलिंग, 4G विस्तार और सस्ता ब्रॉडबैंड

BSNL ने स्वतंत्रता दिवस पर नए ऑफर किए लॉन्च:सुल्तानपुर में 1 रुपए में अनलिमिटेड कॉलिंग, 4G विस्तार और सस्ता ब्रॉडबैंड

सुल्तानपुर में भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ग्राहकों के लिए विशेष प्रमोशनल ऑफर पेश किए हैं। डाकखाना स्थित कार्यालय में प्रधान महाप्रबंधक रमाशंकर ने बताया कि बीएसएनएल, उत्तर प्रदेश पूर्व परिमंडल का लक्ष्य किफायती और विश्वसनीय दूरसंचार सेवाओं के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को नेटवर्क से जोड़ना है। इन ऑफर्स में ‘FRC ₹1 फ्रीडम ऑफर’ प्रमुख है। इसके तहत, ग्राहक मात्र ₹1 में सभी नेटवर्क पर अनलिमिटेड कॉलिंग, प्रतिदिन 2GB डेटा और 100 SMS का लाभ उठा सकते हैं। इसके अतिरिक्त, ₹2399 के रिचार्ज प्लान पर ग्राहकों को 47 दिन की अतिरिक्त वैधता मिलेगी। 12 अगस्त 2026 से 12 सितंबर 2026 के बीच रिचार्ज करने पर यह प्लान 365 दिन के बजाय कुल 412 दिन के लिए वैध होगा। BSNL ‘आत्मनिर्भर भारत’ पहल के तहत स्वदेशी 4G तकनीक का विस्तार भी कर रहा है। सुल्तानपुर जिले में पहले चरण में 91 नए 4G BTS (बेस ट्रांसीवर स्टेशन) स्थापित किए गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में ‘भारत उद्यमी’ पहल के तहत पंचायतों को हाई-स्पीड इंटरनेट से जोड़ा जाएगा। फाइबर-टू-द-होम (FTTH) उपयोगकर्ताओं के लिए, ₹1,199 का प्लान अब ₹1,111 में उपलब्ध होगा। इस प्लान में 6 महीने तक ₹88 की मासिक छूट, 200 Mbps की स्पीड, 5000GB डेटा, 25 से अधिक OTT प्लेटफॉर्म का एक्सेस और 24×7 अनलिमिटेड कॉलिंग की सुविधा शामिल है। प्रधान महाप्रबंधक रमाशंकर ने यह भी बताया कि BSNL ने ‘फ्री एंटरटेनमेंट टीवी’ सेवा शुरू की है, जिसके तहत ग्राहक मुफ्त में लाइव टीवी, फिल्में और वेब सीरीज देख सकेंगे। इसके अतिरिक्त, आपदा प्रभावित और दूरस्थ क्षेत्रों के लिए सैटेलाइट फोन सेवा भी उपलब्ध कराई गई है। चीफ जीएम रमाशंकर ने नागरिकों से इन विशेष ऑफर्स का लाभ उठाने और स्वदेशी नेटवर्क से जुड़ने की अपील की है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *